Site icon OmExpress

उत्तर प्रदेश की स्थापना के 70 वर्ष, आज से तीन दिन चलेगा स्थापना दिवस समारोह

लखनऊ /उत्तर प्रदेश की स्थापना के 70 वर्ष हो रहे हैं। 24 जनवरी से तीन दिन तक उत्तर प्रदेश का स्थापना दिवस समारोह लखनऊ में मनाया जाएगा। पूर्व राज्यपाल राम नाईक की पहल पर अब वर्ष 2018 से उत्तर प्रदेश का स्थापना दिवस मनाया जाता है। यह तीसरा मौका है जब उत्तर प्रदेश का स्थापना दिवस मनाया जायेगा।लखनऊ के अवध शिल्प ग्राम में तीन दिनी स्थापना दिवस का आयोजन किया जाएगा। तीन दिनों तक चलने वाले कार्यक्रमों में एक दर्जन से अधिक विभागों की प्रदर्शनी के साथ रंगारंग कार्यक्रम और सरकार की योजनाओं का लोकार्पण होगा। वर्ष 1950 में इसी तारीख को यूपी अस्तित्व में आया था। इससे पहले ब्रिटिश काल में उत्तर प्रदेश को यूनाइटेड प्रॉविन्स के नाम से जाना जाता था।भारत सरकार ने 24 जनवरी 1950 को उत्तर प्रदेश का गठन किया। उत्तर प्रदेश के जन्म दिवस के अवसर पर यूपी सरकार तीन दिवसीय कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है

।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदी बेन पटेल 24 जनवरी को 11 बजे इसका उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम का आयोजन शहीद पथ पर अवध शिल्प ग्राम में होगा। जिसका आयोजन पर्यटन विभाग कर रहा है। इन्हीं प्रदर्शनियों में से एक बहुत ही खास प्रदर्शनी अवध शिल्प ग्राम में लगने वाली है। यह भगवान राम से जुड़ी है। भगवान राम ने जीवनकाल में किन-किन देशों की यात्रा की और उसका क्या उद्देश्य था, यहां सब भी प्रदर्शनी में दिखाया जायेगा।शुक्रवार को ही कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव दोपहर 1.20 बजे से 2.20 बजे तक मंच से लोगों को गुदगुदायेंगे। इसके बाद शाम को 6.30-7.30 बजे तक अवधी गायिका वन्दना मिश्रा के गीतों पर दर्शक गुनगुनायेंगे। आयोजन के दूसरे दिन 25 जनवरी महात्मा गांधी की 150वीं जयन्ती को समर्पित रहेगा।

इस दिन योगी आदित्यनाथ सरकार अलग-अलग विभागों की योजनाओं का लोकार्पण करेगी। इसके बाद शाम को 5.30-6.30 बजे तक पं. रविशंकर म्यूजिकल फाउण्डेशन का कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस कार्यक्रम का समापन 26 जनवरी की शाम को होगा।यूपी दिवस मनाने की शुरुआत योगी आदित्यनाथ सरकार ने की थी। इसका सुझाव पूर्व राज्यपाल राम नाईक ने दिया था। तब उन्होंने पर्यटन विभाग के अफसरों को सलाह दी थी कि राज्य के स्थापना दिवस के अवसर पर महाराष्ट्र में बड़े धूमधाम वाले कार्यक्रम होते हैं। ऐसे में यूपी का भी स्थापना दिवस मनाना चाहिए। वर्ष 2018 में उप राष्ट्रपति वैंकेया नायडू ने 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस का आगाज किया था। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश गीत भी बजाया जाता है। इस गीत को राजभवन में तैनात निरीक्षक कुलदीप सिंह ने लिखा है। उत्तर प्रदेश गीत को स्वर प्रख्यात पाश्र्व गायक सोनू निगम ने दिया है।

Exit mobile version