Site icon OmExpress

उप राष्ट्रपति चुनाव : विपक्ष की उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा ने किया नामांकन दाखिल

राहुल, पवार, खड़गे व येचुरी समेत कई विपक्षी नेता रहे मौजूद

रिपोर्ट -अनमोल कुमार नई दिल्ली : उप राष्ट्रपति पद के लिए विपक्ष की साझा उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा आज नामांकन दाखिल किया। उनके नामांकन दाखिल करने के मौके पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव सीताराम येचुरी, राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और कई अन्य विपक्षी नेता मौजूद थे।

रणनीति तय करने को कई विपक्षी नेताओं ने बैठक की
अगले महीने 6 अगस्त को होने वाले चुनाव के मद्देनजर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के उम्मीदवार और पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने कल सोमवार को ही नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। उपराष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष की साझा उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा के संबंध में अपनी रणनीति तय करने के लिए कल सोमवार को कई विपक्षी दलों के नेताओं ने बैठक की। बैठक के बाद अल्वा ने कहा कि उपराष्ट्रपति पद के चुनाव में मेरा समर्थन कर रहे सभी नेताओं से मिलने के लिए मुझे आमंत्रित किया गया था। इसलिए हम सभी मिले, मुझमें विश्वास जताने के लिए मैं सभी को धन्यवाद देती हूं।
मुश्किल चुनाव, लेकिन मुझे किसी चुनौती से डर नहीं
इसके पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री अल्वा ने अपने एक ट्वीट में कहा कि भारत के उपराष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए वह अपना नामांकन मंगलवार को भरेंगी। उन्होंने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं है कि यह मुश्किल चुनाव होगा, लेकिन मुझे किसी चुनौती से डर नहीं है। मैं सभी विपक्षी दलों के नेताओं को मेरी उम्मीदवारी का समर्थन करने के लिए धन्यवाद देती हूं। उन्होंने आगे कहा कि मुझे पता है कि यह मुश्किल लड़ाई है, लेकिन राजनीति में जीत-हार कोई मुद्दा नहीं है, मुद्दा तो लड़ाई है।

Exit mobile version