उबर ने आज भारत में अपने अब तक के सबसे बड़े विस्तार की घोषणा की है, जिसके तहत कंपनी 100 नए शहरों में अपनी सेवाएं शुरू कर रही है। इस पहल के साथ ही देशभर में उबर की पहुंच 225 से अधिक शहरों तक हो गई है। ‘उबर बाइक’ (Uber Bike) के दम पर किया जा रहा यह विस्तार भारत के छोटे शहरों और कस्बों तक किफायती व भरोसेमंद आवागमन की सुविधा पहुंचाएगा, साथ ही स्थानीय स्तर पर हजारों ड्राइवरों के लिए कमाई के नए और लचीले अवसर भी पैदा करेगा।
उत्तर में जम्मू से लेकर दक्षिण में तिरुनेलवेली तक, और पूर्व में सिलचर से लेकर पश्चिम में जामनगर तक उबर इन नए शहरों में सबसे पहले ‘उबर बाइक’ सेवा की शुरुआत करेगा। यह सेवा लोगों को दैनिक यात्राओं और लास्ट-माइल कनेक्टिविटी (अंतिम छोर तक सीधी पहुंच) के लिए एक सुलभ और किफायती विकल्प प्रदान करेगी। 18 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में फैला यह विस्तार भारत के बड़े महानगरों से आगे बढ़कर देश के दूर-दराज के इलाकों में भी उबर की उपस्थिति को मजबूत करता है।
भारत के स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर किए जा रहे इस विस्तार के तहत, उबर देश भर के नए उपयोगकर्ताओं को सीमित अवधि के लिए पहली राइड बिल्कुल मुफ्त दे रहा है। इसके माध्यम से कंपनी अधिक से अधिक देशवासियों को ऐप-आधारित यात्रा की सुविधा, पारदर्शिता और सुरक्षा सुविधाओं का अनुभव करने के लिए आमंत्रित कर रही है।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री, श्री नितिन गडकरी ने कहा: “भारत का बढ़ता सड़क नेटवर्क छोटे शहरों को आपस में जोड़ रहा है और नए आर्थिक अवसरों के द्वार खोल रहा है। मैं उबर को 100 नए शहरों में विस्तार करने पर बधाई देता हूं। इससे आम नागरिकों को किफायती आवागमन का साधन मिलेगा और हजारों लोगों के लिए आजीविका के नए अवसर पैदा होंगे। ‘मोटर व्हीकल एग्रीगेटर गाइडलाइन्स 2025’ राज्यों को बाइक टैक्सी और अन्य नए ट्रांसपोर्ट माध्यमों को अपनाने की एक स्पष्ट दिशा प्रदान करती है। मैं राज्यों से आग्रह करता हूं कि वे इन दिशानिर्देशों को लागू करें ताकि नागरिकों को सस्ती कनेक्टिविटी मिले और बड़े पैमाने पर रोजगार के साधन बन सकें। सड़क सुरक्षा अभियान के साथ उबर की यह भागीदारी दर्शाती है कि परिवहन के विस्तार के साथ-साथ सड़कों को सुरक्षित बनाना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।”
ऋशांत घोष, डायरेक्टर – कंज्यूमर एंड ग्रोथ, उबर इंडिया एवं दक्षिण एशिया ने कहा: “100 नए शहरों में कदम रखना हमारे लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। इसके जरिए हम उबर को भारत के अंदरूनी हिस्सों तक ले जा रहे हैं और लाखों लोगों के लिए आसान व किफायती सफर सुनिश्चित कर रहे हैं। एक छोटे शहर के नागरिक की सुगम यात्रा की आकांक्षाएं बड़े महानगरों के निवासियों से अलग नहीं हैं, और हम उसी मांग को पूरा करने के लिए यह निवेश कर रहे हैं। इन बाजारों के लिए ‘उबर बाइक’ बेहद उपयुक्त है—यह दैनिक यात्राओं के लिए एक किफायती विकल्प है और स्थानीय चालकों को अपनी सुविधानुसार कमाने का मौका देती है। भारत में 225 से अधिक शहरों का आंकड़ा पार करने के बाद भी हम देश भर में लाखों और लोगों की सेवा करने के लिए तत्पर हैं।”
यह विस्तार भारत में दैनिक आवागमन के लिए दोपहिया वाहनों की बढ़ती भूमिका को रेखांकित करता है। यात्रियों के लिए ‘उबर बाइक’ कम दूरी तय करने, ट्रैफिक से बचने और सार्वजनिक परिवहन से जुड़ने का एक बेहद किफायती जरिया है। वहीं चालकों के लिए, यह अपनी बाइक का उपयोग करके आसानी से कमाई शुरू करने का एक बेहतरीन अवसर प्रदान करता है।
यह सेवा भारत के लिए एक ‘मल्टीमॉडल मोबिलिटी प्लेटफॉर्म’ तैयार करने के उबर के व्यापक लक्ष्य का भी हिस्सा है, जो यात्रियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार विभिन्न विकल्प देता है—जैसे दैनिक सफर के लिए बाइक और ऑटो से लेकर कार, एयरपोर्ट राइड्स, इंटरसिटी ट्रैवल और सार्वजनिक परिवहन का एकीकरण।
सुरक्षा के दृष्टिकोण से, ‘उबर बाइक’ की हर यात्रा ऐप के इन-बिल्ट सुरक्षा फीचर्स से लैस होती है, जिनमें रियल-टाइम ड्राइवर आईडी चेक, इन-ऐप एसओएस (SOS) बटन, शेयर ट्रिप स्टेटस और 24/7 सेफ्टी लाइन शामिल हैं, जिससे यात्री पूरी निश्चिंतता के साथ सफर कर सकते हैं।
आपकी पहली राइड हमारी तरफ से!
स्वतंत्रता दिवस के उत्सव के तहत देश भर के नए उपयोगकर्ता सीमित समय के लिए अपनी पहली उबर राइड मुफ़्त (*नियम व शर्तें लागू) में ले सकते हैं।
उबर बाइक कैसे बुक करें:
- उबर ऐप डाउनलोड करें या खोलें।
- अपनी पिकअप और ड्रॉप-ऑफ लोकेशन दर्ज करें।
- दिए गए विकल्पों में से ‘Uber Bike’ चुनें।
- राइड कन्फर्म करें और नजदीकी ड्राइवर से जुड़ें।
- उबर ऐप के जरिए अपनी राइड को रियल-टाइम में ट्रैक करें।

