रंग महोत्सव में लोग थिएटर, संगीत, लोक साहित्य, लोक खेल, लोक व्यंजन का ले सकेंगे लुत्फ-प्रो. राजबीर
एमडीयू के प्राध्यापक, विद्यार्थियों के अलावा रोहतक शहर के आमजन भी लें सकेंगे भाग
कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने रंग महोत्सव की स्मारिका ब्रोशर का किया लोकार्पण
हर्षित सैनी
रोहतक, 27 फरवरी। एमडीयू में 29 फरवरी से 6 मार्च तक आयोजित होने वाले रंग महोत्सव में हरियाणा भर के कलाकार खूब धमाल मचाएंगे। इस आशय की जानकारी मदवि कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने आज प्रेस वार्ता में दी।
उन्होंने बताया कि हरियाणा की समृद्ध संस्कृति को नई पीढ़ी के सामने लाने, लोक संस्कृति के विविध पहलुओं को जन-मानस के समक्ष उद्घाटित करने तथा ललित कला, थिएटर, संगीत, लोक साहित्य, लोक खेल, लोक व्यंजन का रंग समेटते हुए महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में रंग महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

एमडीयू के कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने कहा कि रंग महोत्सव में सात अलग-अलग रंग इवेंट्स के रूप में प्रस्तुत किए जाएंगे। कार्यक्रम का प्रारंभ पुष्प उत्सव-रंग बहार से 29 फरवरी को होगा। रंग बहार कार्यक्रम गुलाब उद्यान में प्रात: 11 बजे से आयोजित किया जाएगा। 29 फरवरी को ही दोपहर 2 बजे से रंग सृजन-ललित कला कार्यशाला प्रारंभ होगी।
उन्होंने बताया कि 1 से 3 मार्च तक साहित्योत्सव रंग कल, संगीत उत्सव-रंग सुर तथा थिएटर उत्सव-रंग रास का आयोजन किया जाएगा। 1 से 3 मार्च तक विविध पकवान बनाने की कार्यशालाएं -रंग-व्यंजन के तहत होंगी। वहीं, 4 सेे 6 मार्च तक लोक व्यंजनों का उत्सव-रंग व्यंजन टैगोर सभागार की पार्किंग में आयोजित किया जाएगा। कुलपति के अनुसार 4 से 6 मार्च तक लोक उत्सव-रंग तरंग का आयोजन किया जाएगा।
डीन, स्टूडेंट वेल्फेयर प्रो. राजकुमार ने बताया कि मदवि का छात्र कल्याण विभाग हरियाणा की लोक संस्कृति को संरक्षण देने के लिए कार्य करता रहा है। रंग तरंग हरियाणवी संस्कृति की छटा जन-मानस के समक्ष प्रस्तुत करेगा।
एमडीयू की डीन एकेडमिक एफेयर्स प्रो. नीना सिंह ने बताया कि रंग महोत्सव के दस्तावेजीकरण के लिए अवधारणात्मक दस्तावेज भी तैयार किया गया है। डीन, मानविकी प्रो. हरीश कुमार ने थिएटर फेस्टीवल रंग रास की जानकारी प्रदान की। डीन विजुअल एंड परफार्मिंग आर्ट्स प्रो. सुषमा सिंह ने रंग सृजन की जानकारी दी।
संगीत विभागाध्यक्ष प्रो. हुकम चंद ने रंग सुर इवेंट की जानकारी प्रदान की।
निदेशक आईएचटीएम डा. संदीप मलिक ने रंग व्यंजन इवेंट की जानकारी प्रदान की। डीन लाइफ साईंस प्रो. पुष्पा दहिया ने रंग बहार इवेंट की जानकारी प्रदान की तथा निदेशक जनसंपर्क सुनित मुखर्जी ने रंग कलम साहित्योत्सव की जानकारी प्रदान की।
एमडीयू ने इस अवसर पर रंग महोत्सव की स्मारिका ब्रोशर का लोकार्पण किया। उन्होंने रंग महोत्सव को समर्पित वेबसाइट का भी लोकार्पण किया। कुलसचिव प्रो. गुलशन लाल तनेजा इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित रहे।

प्रो. राजबीर सिंह ने इस 7 दिवसीय रंग-महोत्सव में विश्वविद्यालय समुदाय के सभी वर्गों प्राध्यापक, विद्यार्थी, गैर शिक्षक कर्मी, एलुमनाई समेत रोहतक शहर के आमजन को भी भाग लेने/शामिल होने का आग्रह किया है।