Site icon OmExpress

एसकेआरएयूः कुलपति ने किया गृह महाविद्यालय सहित विभिन्न इकाईयों का औचक निरीक्षण

बीकानेर, 19 दिसम्बर। स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आर. पी. सिंह ने गुरुवार को कृषि महाविद्यालय, समन्वित खेती प्रणाली इकाई और स्वामी विवेकानंद कृषि संग्रहालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न व्यवस्थाओं को देखा तथा कार्यों की समीक्षा की।
कुलपति ने कृषि महाविद्यालय में एमएससी और पीएचडी की परीक्षाओं का अवलोकन किया।

महाविद्यालय द्वारा शीघ्र ही प्रारम्भ की जाने वाली ‘मरु कृषक’ त्रैमासिक पत्रिका की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इसमें संकलित सामग्री से किसानों को अधिक से अधिक लाभ हो, ऐसे प्रयास किए जाएं। महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता के लिए नियमित अभियान चलाया जाए। इस दौरान अधिष्ठाता प्रो. आई. पी. सिंह मौजूद रहे।
प्रो. सिंह ने समन्वित खेती प्रणाली इकाई की गाय पालन, बकरी पालन, मुर्गी पालन इकाईयों का अवलोकन किया तथा कहा कि किसानों को इकाई का अवलोकन करवाया जाए, जिससे किसान भी ऐसी इकाईयां स्थापित करें और उन्हें अधिक आर्थिक लाभ हो। उन्होंने स्वामी विवेकानंद कृषि संग्रहालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की विभिन्न इकाईयों के नियमित औचक निरीक्षण किए जाएंगे। इसके मद्देनजर सभी व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखा जाए।

Exit mobile version