Site icon OmExpress

ओवरब्रिज से नीचे गिरी स्लीपर बस, 4 की मौत

-ड्राइवर को नींद आने से एक्सीडेंट, ढाई घंटे बंद रहा दिल्ली-जयपुर रेलवे ट्रैक

दौसा। सवारियों से भरी बस ओवरब्रिज की रेलिंग तोड़ते हुए रेलवे ट्रैक के पास जा गिरी। इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 29 घायल हो गए। हादसे के बाद दिल्ली-जयपुर रेल मार्ग करीब ढाई घंटे तक बंद रहा। एक्सीडेंट रविवार रात करीब दो बजे दौसा के कलेक्ट्रेट के पास से गुजर रहे रेलवे ओवरब्रिज पर हुआ। हादसे में गंभीर घायल 7 यात्रियों को जयपुर के सवाई मानसिंह हॉस्पिटल रेफर किया गया है।

-हरिद्वार से उदयपुर जा रही थी बस

जानकारी के अनुसार प्राइवेट बस हरिद्वार से उदयपुर की तरफ जा रही थी। रात करीब दो बजे ओवरब्रिज पर पहुंचते ही ड्राइवर को झपकी आ गई और बस रेलिंग तोड़ते हुए 30 फीट नीचे रेलवे ट्रैक के पास गिर गई। जहां हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इधर, घटना की जानकारी के बाद कलेक्टर कमर चौधरी और एएसपी बजरंग सिंह शेखावत मौके पर पहुंचे। इसके बाद रेलवे अधिकारियों से बातचीत कर दिल्ली-जयपुर रेल मार्ग को बंद करवाया और घायलों को दौसा के जिला अस्पताल में भेजा गया। बस में करीब 35 से ज्यादा यात्री थे, जो हरिद्वार में अस्थि विसर्जन की क्रिया कर अपने घर लौट रहे थे।

-29 यात्री घायल, करीब 1 घंटे तक फंसे रहे

हादसा इतना दर्दनाक था कि यात्री करीब 1 घंटे तक बस में फंसे रहे, जिन्हें कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। इस हादसे में 29 यात्री घायल हो गए। अधिकांश घायल जयपुर, टोंक और पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं।।हादसे में हस्तीमल निवासी अगड़िया राजसमंद, अंकित कश्यप निवासी हरिद्वार, नंदकिशोर, गीता बाई व ललिता बाई निवासी सबलगढ़ बूंदी, साधी निवासी सोडाला जयपुर, अजयपाल सिंह निवासी दातारामगढ़ सीकर, विद्या देवी निवासी गणगौरी बाजार जयपुर, देवानंद, मोहमाया, दीपांकर निवासी मुर्शिदाबाद कोलकाता, ऊषा कोली, किशन देवी, चेल्ली निवासी जयपुर, मुंशी निवासी बंगाल, रूपनारायण निवासी जोशी कॉलोनी जयपुर, गुलाबचंद निवासी बड़ी चौपड़ जयपुर, लालाराम सैनी, राधा व संतरा सैनी निवासी निवाई टोंक, सोहनलाल निवासी गोनेर जयपुर, मोहम्मद कासिम निवासी अजमेर, सुनीता देवी निवासी प्रताप नगर चितौड़गढ़, ओमी देवी महावर निवासी गंगापोल जयपुर, अक्षरा कुमार निवासी मालपुरा टोंक, मौसमी निवासी मुर्शिदाबाद पश्चिम बंगाल घायल हो गए। जिनमें 7 गंभीर घायलों को जयपुर रेफर किया गया है। वहीं हादसे में चांदना परवीनी (60) निवासी नदिया पश्चिम बंगाल समेत एक महिला व 2 पुरुषों की मौत हो गई। तीन मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। जिनके शव जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाए गए हैं।

Exit mobile version