– अर्जुन अवार्डी मुक्केबाज पी/एस.आई. कविता चहल ने राष्ट्रीय महिला मुक्केबाजी चैम्पियनशिप में हासिल किया स्वर्ण पदक
राष्ट्रीय महिला मुक्केबाजी चैम्पियनशिप में 9वां स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाली पहली मुक्केबाज बनी
पुलिस अधीक्षक राहुल शर्मा ने किया सम्मानित
रोहतक, 12 दिसंबर। अर्जुन अवार्डी मुक्केबाज व रोहतक पुलिस में पी./एस.आई. के पद पर तैनात मुक्केबाज कविता चहल ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए केरल में हाल ही में संपन्न हुई राष्ट्रीय महिला मुक्केबाजी चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इसके साथ ही कविता चहल प्रथम महिला मुक्केबाज बन गई है, जिसके राष्ट्रीय महिला मुक्केबाजी चैम्पियनशिप में 9 बार स्वर्ण पदक हासिल किया है।
मुक्केबाज कविता चहल ने न केवल रोहतक पुलिस बल्कि हरियाणा का नाम भी राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।
पुलिस अधीक्षक राहुल शर्मा ने आज मुक्केबाज कविता चहल को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह हम सभी के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कविता चहल को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कविता चहल युवाओं खासकर लड़कियों के लिए एक रोल माडल है। जिसने अपने परिवार व नौकरी के साथ-साथ अपने खेल पर भी ध्यान देकर लगन व कड़ी मेहनत से मुकाम हासिल किया है। युवा पीढ़ी अपना लक्ष्य निर्धारित कर लगन व कड़ी मेहनत से कार्य करे तथा अपने लक्ष्य को प्राप्त करे। आज समाज में महिलाएं आत्मनिर्भरता के साथ हर क्षेत्र में कार्य कर रही है तथा सफलताएं प्राप्त कर रही है।
पी/एस.आई. कविता चहल ने बताया कि 2 से 8 दिसंबर 2019 तक केरल के कन्नूर में राष्ट्रीय महिला मुक्केबाजी चैम्पियनशिप सम्पन्न हुई है। जिसमें भारत के सभी राज्यों की महिला मुक्केबाजों ने हिस्सा लिया है। उसने मुक्केबाजी में 81 किलोग्राम भार वर्ग में हिस्सा लिया था, जिसमें उन्होंने अपने सभी प्रतिद्वंद्वियों को हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया है।
प्री-क्वार्टर फाइनल उसने नॉकआऊट से जीता है। क्वार्टर फाइनल में राजस्थान की मुक्केबाज को 5-0 तथा सेमीफाइनल में हिमाचल प्रदेश की मुक्केबाज को भी 5-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में उसका मुकाबला हरियाणा की मुक्केबाज के साथ जिसे उसने 5-0 से हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया है।
पी/एस.आई. कविता चहल मूल रुप से गांव निमड़ी जिला भिवानी की रहनी वाली है तथा सन् 2004 से बॉक्सिंग कर रही है। अपने उत्कृष्ट खेल के कारण ही कविता चहल हरियाणा पुलिस में सन् 2014 में पी/एस.आई. के पद पर नियुक्त हुई है। कविता चहल उत्तम विहार रोहतक निवासी सुधीर खर्ब से शादीशुदा है जो दिल्ली पुलिस में पी/एस.आई. के पद पर नियुक्त है।
कविता चहल हरियाणा से इकलौती महिला बॉक्सर है, जिन्हें अर्जुन अवार्ड से सम्मानित किया गया है। कविता चहल ने दो बार वर्ल्ड चैंपियनशिप, 4 बार एशियन चैंपियनशिप व 4 बार एशिया कप में पदक विजेता रही है। इसके अलावा 9 बार नैशनल चैंपियनशिप, 5 बार फेडरेशन चैंपियनशिप व 6 बार अखिल भारतीय पुलिस गेम्स में स्वर्ण पदक हासिल किए है।