Site icon OmExpress

कार्मिकों की समस्याओं का समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता-कुलपति

बीकानेर, 10 दिसम्बर। स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आर. पी. सिंह ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान उनके लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है। विश्वविद्यालय द्वारा इस दिशा में त्वरित निर्णय लिए जाएंगे।

प्रो. सिंह सोमवार को कुलपति सचिवालय सभागार में आयोजित बैठक में कर्मचारी कल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शैक्षणेत्तर कर्मचारी, विश्वविद्यालय की रीढ है। इन्हें विश्वविद्यालय हित में ‘टीम भावना’ के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करें। विभागाध्यक्षों द्वारा प्रत्येक अनुभाग के कार्य तथा इसकी तुलना में कार्मिकों की स्थिति, शैक्षणेत्तर कार्मिकों के स्थानांतरण, पदोन्नति, पेंशन सहित विभिन्न समस्याओं का चिन्हीकरण किया जाए एवं रिपोर्ट अतिशीघ्र उपलब्ध करवाई जाए। कार्मिकों की प्रत्येक वाजिब समस्या के समयबद्ध निस्तारण के प्रयास किए जाएंगे।

बैठक के दौरान आॅडिट पैरों की समीक्षा की गई। कुलपति ने लंबित आॅडिट पैरों का जवाब प्राथमिकता से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, जिससे इनका समयबद्ध निस्तारण किया जा सके। कुलपति ने कहा कि वे अब तक लगभग प्रत्येक कार्यालय का निरीक्षण एवं कार्मिकों से संवाद कर चुके हैं। इस दौरान प्राप्त विभिन्न परिवेदनाओं का भी समयबद्ध निस्तारण किया जाएगा। लंबित समस्याओं के समाधान के लिए सरकार स्तर पर भी संवाद किया जा रहा है।
बैठक में कुलसचिव कपूर शंकर मान, वित्त नियंत्रक बी. एल. सर्वा सहित डीन-डायरेक्ट एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version