Site icon OmExpress

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से मिले सचिन पायलट

उदयपुर। राजस्थान में पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का मंगलवार शाम उदयपुर के डबोक हवाई अड्‌डे पर अचानक आमना- सामना हुआ। दोनों नेताओं ने गले मिलकर गर्मजोशी के साथ एक-दूसरे का स्वागत किया। एक-दूसरे का हालचाल जाना। हंसी ठिठोली भी की। फोटो में राजस्थान कांग्रेस के प्रभारी अजय माकन भी नजर आ रहे हैं। गले मिलने के दौरान वह दोनों नेताओं को पीछे से देख रहे थे। सचिन और शेखावत की गले मिलने की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इसके सियासी मायने भी निकाले जा रहे हैं। राजस्थान की सियासत को समझने वाले कह रहे हैं कि दोनों में बहुत अच्छे संबंध है। आगे चलकर ये राजस्थान की राजनीतिक को नए मोड़ पर ले जा सकते हैं।

गहलोत ने कहा था- शेखावत कुछ नेताओं से मिल साजिश रच रहे

पिछले साल राजस्थान की कांग्रेस सरकार दो खेमों में बंट गई थी। कांग्रेस विधायकों का एक गुट अपनी ही सरकार से नाराज हो मानेसर चला गया था। दूसरा गुट राजस्थान में ही बाड़ेबंदी में रह रहा था। इस दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत पर कांग्रेस सरकार गिराने का आरोप लगाया था। गहलोत ने कहा था कि शेखावत कुछ कांग्रेसी नेताओं से मिल साजिश रच रहे हैं, जिससे राजस्थान की सरकार अल्पमत में आए और गिर जाए। इस पूरे मामले के बाद राजस्थान सरकार द्वारा केंद्रीय जल शक्ति मंत्री के खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। जिसकी जांच जारी है। वहीं अब सचिन पायलट और गजेंद्र सिंह शेखावत की गले मिलती तस्वीर सामने आने के बाद इस पूरे मामले में फिर से सियासत में चर्चा है।

डबोक हवाई अड्‌डे पर ही पिछले महीने साथ दिखे थे सचिन और गहलोत

पिछले महीने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सचिन पायलट मातृकुंडिया में कांग्रेस की जनसभा को संबोधित करने पहुंचे थे। इसके बाद दोनों ही नेता उदयपुर के डबोक हवाई अड्डे पर पहुंचे थे। जहां कार्यकर्ताओं से रूबरू होते हुए मुख्यमंत्री गहलोत ने फेस मास्क नहीं लगा रखा था। गहलोत बिना मास्क लगाए समर्थकों से मुलाकात करने जाने लगे तो पायलट ने उन्हें रोक लिया। पायलट ने गहलोत से फेस मास्क लगाकर ही मुलाकात करने के लिए कहा। सिर्फ इतना ही नहीं, पायलट ने अपने सहायक से गहलोत के लिए नया मास्क मंगवाया। तब भी सचिन पायलट और मुख्यमंत्री गहलोत की तस्वीर प्रदेशभर में चर्चा का विषय बन गई थी।

Exit mobile version