Site icon OmExpress

कैप्टन अगले सप्ताह कर सकते हैं बड़ा ऐलान: सूत्र

– नई पार्टी पर टिकीं सबकी नजरें

चंडीगढ़ । पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह अगले सप्ताह कभी भी बड़ा ऐलान कर सकते हैं। कई दिन दिल्ली में राजनीतिक रणनीति की रूपरेखा तैयार करने वाले कैप्टन अमरिंदर सिंह मोहाली के सिसवां फार्म हाऊस पहुंच गए हैं। शनिवार को उन्होंने कई नेताओं के साथ भी मुलाकात भी की। बताया जा रहा है कि कैप्टन ने अपने तमाम करीबियों को साफ कर दिया है कि अगले सप्ताह किसी भी दिन नई पार्टी का खुलासा कर दिया जाएगा।

बेशक स्वयं कैप्टन अमरिंदर सिंह ने इस मामले पर अभी अपने पूरे पत्ते नहीं खोले है, परन्तु प्रताप केसरी को मिली सूचना के अनुसार, उनकी पत्नी और संसद मैंबर परनीत कौर सहित करीबी नेता काफी सक्रिय हो गए हैं। बताया जा रहा है कि कैप्टन ने अपने तमाम साथियों को किसी भी तरह के राजनीतिक हमलों का करारा जवाब देने को कहा है। यही वजह है कि स्वयं कैप्टन अमरिंदर सिंह के हवाले के साथ उनके सलाहकार कैप्टन खिलाफ सोशल मीडिया पर उठने वाली हर विरोधी आवाज का उपयुक्त जवाब दे रहे हैं। यहां तक कि निजी हमलों का जवाब भी निजी स्तर पर ही दिया जा रहा है।

कैप्टन के करीबियों की मानें तो कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कभी भी भाषा की मर्यादा भंग नहीं की है। खास तौर पर महिलाओं को लेकर जवाब देने में भी वह काफी नपे-तुले शब्दों का ही इस्तेमाल करते रहे हैं। यह अलग बात है कि पिछले कुछ समय दौरान सोशल मीडिया पर राजनीतिक हमलों को निजी स्तर तक पहुंचा दिया गया है तो अब कैप्टन के सलाहकार भी जवाब देने का कोई मौका नहीं गंवा रहे। प्रताप केसरी के अनुसार, हालांकि कैप्टन खेमे ने इन हमलों के जवाब में सवाल भी उठाया है कि क्या राजनीति और दोस्ती को आपस में मिक्स करना ठीक है? बेशक इसका जवाब कैप्टन के विरोधी जैसे भी दें परन्तु एक बात साफ है कि अब कैप्टन अमरिंदर सिंह राजनीतिक अखाड़ो में सीधी लड़ाई के मूड में हैं।

Exit mobile version