– 0151-2240100 पर अपनी जरुरत बता सकेंगे मरीज एवं परिजनबीकानेर। कोरोना पाॅजिटिव मरीजों एवं उनके परिजनों की व्यावहारिक समस्याओं की जानकारी एवं इनके समाधान के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सचिव राजकुमार किराडू के नेतृत्व में शुक्रवार को सुपर स्पेशलिटी ब्लाॅक में अस्थाई कैम्प आयोजित हुआ। इस दौरान किराडू और अन्य कांग्रेसी कार्यकर्ता चार घंटे से अधिक समय तक वहां मौजूद रहे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती पाॅजिटिव रोगियों से दूरभाष पर बात की तथा उनकी समस्याओं को जाना। साथ ही पाॅजिटिव से नेगेटिव होकर शुक्रवार को डिसचार्ज हुए मरीजों से भी बातचीत की। चर्चा के दौरान मरीजों ने कोविड अस्पताल के दूसरे तल में वास बेसिन खराब होने की जानकारी दी और कहा कि इस कारण अस्पताल में कीचड़ फैल जाता है।साथ ही मरीजों के परिजनों के घरों से आया नाश्ता एवं भोजन उन तक समय पर नहीं मिलने के बारे में बताया। मरीजों ने चिकित्सकीय एवं अन्य व्यवस्थाओं पर संतोष जताया। इसके बाद मेडिकल काॅलेज के प्रतिनिधि डाॅ. अजय कपूर से चर्चा के दौरान किराडू ने कहा कि काॅलेज प्रशासन द्वारा सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद रखी जाएं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप किसी भी कोरोना पाॅजिटिव मरीज को बेवजह परेशानी नहीं हो, इसका भी ध्यान रखा जाए। उन्होंने मरीजों एवं उनके परिजनों से संवाद के लिए नियंत्रण कक्ष को प्रभावी तरीके से क्रियाशील करने की बात कही। इस पर काॅलेज प्रशासन द्वारा बताया गया कि दूरभाष 0151-2240100 पर काॅल लिया जा सकता है। किराडू ने कहा कि कोरोना से जुड़ी व्यवस्थाओं पर नियमित नजर रखी जाएगी तथा आवश्यकता के अनुरूप जिला कलक्टर एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारियों एवं चिकित्सकों से सतत चर्चा की जाएगी। इस दौरान उमा सुथार, आनंद सिंह सोढा, वसीम फिरोज अब्बासी, महेन्द्र बड़गुजर, मनोज जनागल, ताहिर हुसैन, मनोज नायक, सुभाष स्वामी, प्रफुल्ल हटीला, पारस मारु, अब्दुल वाहिद, मुजीब खिलजी जितेन्द्र जोशी, विजय भवानी, कन्हैया लाल भाटी, नवीन बिश्नोई, मुकेश रामावत, मोहम्मद आदिल, राजेश किराडू, किशन किराडू, ऋषि कुमार व्यास, राजू पारीक और मुकेश पंवार आदि मौजूद रहे।