Site icon OmExpress

कोरोना वायरस: भारत में 29000 लोगों की निगरानी, 31 केस कन्फर्म, PM मोदी करेंगे समीक्षा

नई दिल्ली , कोरोना वायरस की चुनौतियों से निपटने के लिए आज स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करने जा रहे हैं. इस मुलाकात में पीएम मोदी कोरोना वायरस से जुड़ा ताजा अपडेट लेंगे और इस खतरनाक बीमारी से निपटने के लिए किए जा रहे इंतजामों की जानकारी लेंगे. इस दौरान पीएम मोदी स्वास्थ्य मंत्रालय को जरूरी निर्देश भी दे सकते हैं.

31 मरीज, 29000 लोग निगरानी में

बता दें कि अबतक भारत में कोरोना वायरस के 31 पेशेंट पाए गए हैं. इन 31 में से 16 व्यक्ति इटली से भारत घूमने आए थे. समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, इसके अलावा 29000 लोगों पर निगरानी रखी जा रही है. यानी लगभग 29000 लोगों का कोरोना टेस्ट किया गया है.

मास्क की कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई

इस बीच देश में मास्क की किल्लत और कालाबाजारी की खबरों के बीच स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जो दुकानदार मास्क की ज्यादा कीमत वसूलेंगे उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. बता दें कि कई दुकानदार मास्क की बढ़ती मांग के बीच लोगों से ज्यादा पैसे वसूल रहे हैं. डॉ हर्षवर्धन ने ट्वीट कर कहा, “मास्क की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए.”

Exit mobile version