Site icon OmExpress

कोरोना संकट के बीच लाइफलाइन साबित हो रहा है मनरेगा

– जिले में 2 लाख से अधिक श्रमिक मनरेगा में नियोजित

बीकानेर, । कोरोना संकट ने आर्थिक अस्थिरता के साथ-साथ हजारों लोगों को घर लौटने को मजबूर कर दिया। एक ओर बीमारी का डर तो दूसरी ओर रोजी की चिंता के बीच अब महात्मा गांधी नरेगा योजना ग्रामीण क्षेत्र में लोगों के लिए लाइफलाइन साबित हो रही है। जिले महात्मा गांधी नरेगा के तहत अब तक 2 लाख से अधिक लोगों को रोजाना रोजगार दिया जा रहा है। जिला कलक्टर कुमार पाल गौतम ने बताया कि कोविड-19 संकट के बीच ग्रामीणों के लिए मनरेगा वरदान साबित हो रही है। वर्तमान में जिले में 2 लाख 7 हजार 317 श्रमिक इसमें नियोजित हैं। प्रत्येक राजस्व गांव में चार कार्यो के प्रस्ताव मंगवाने के लिए दिशा निर्देश दिए गए हैं। समस्त पंचायत समितियों में मनरेगा के तहत कार्य किए जा रहे हैं। वर्तमान में 4 हजार 284 कार्य प्रगतिरत है। मांग के आधार पर अतिरिक्त कार्य स्वीकृत किए जा रहे हैं। गौतम ने बताया कि प्रवासी मजदूरों के जिले में आने के बाद से ही ग्रामीण क्षेत्रों में काम की मांग बढ़ी है। क्वेरंटाइन अवधि पूरी होने के बाद से लोगों को मनरेगा के तहत अधिकाधिक नियोजित किया जा रहा है। अब तक 2 हजार से अधिक नए जाॅब कार्ड बनाए गए हैं।

गड़बड़ी रोकने के लिए नियमित निरीक्षण
गौतम ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में लोगों को रोजगार मिले और स्थायी प्रकृति की संरचनाएं विकसित हो, वर्षा जल प्रबंधन जैसे कार्य हो जिससे मरूस्थलीय जिले में जल संरक्षण किया जा सके इसके लिए मनरेगा के तहत अधिक से अधिक कार्य करवाए जा रहे हैं।
गौतम ने बताया कि मनरेगा के तहत किसी भी स्तर पर गड़बड़ी ना हो, पात्र को काम मिले और लोगों का आर्थिक संबलन हो इसके लिए निरन्तर प्रयास किया जा रहा है। विकास कार्यो के प्रस्ताव तथा चारागाह विकास कार्य माॅडल तालाब कार्य, श्मशान एवं कब्रिस्तान विकास कार्य, खेल मैदान आदि व्यक्तिगत कार्यो के प्रस्ताव मंगवाये जा रहे है ताकि स्थानीय स्तर पर अधिक से अधिक श्रमिको को रोजगार उपलब्ध करवाया जा सके जिससे श्रमिकों को राहत मिल सके।
कोरोना एडवाइजरी की अनुपालना
जिला कलक्टर ने बताया कि मनरेगा कार्यस्थल पर कोरोना एडवाइजरी की अनुपालना सुनिश्चित करवाई जा रही है। सभी को अनिवार्य रूप से मास्क पहनने के निर्देश जारी किए गए है। सैनेटाइजर की व्यवस्था की गई है और सोशल डिस्टेंसिंग की भी पालना करवाई जा रही है। कार्य स्थल पर साबून से हाथ धोने की व्यस्था करने के निर्देश दिये गये है। कार्यस्थल पर पेयजल, छाया व छोटे बच्चों के विशेष व्यवस्थाएं की गई है। इस कार्य क लिए ग्राम विकास अधिकारियों, रोजगार सहायकों, जेटीए आदि को पाबंद किया गया है।

काम पाने के लिए बनवाना होगा जाॅब कार्ड
मनरेगा के तहत कोई भी इच्छुक व्यक्ति जो काम करना चाहता है तो उसे अपना जाॅब कार्ड बनवाना होगा। इसके लिए ग्राम पंचायत मुख्यालय पर जाकर पंजीकरण करवा सकता हैं।

Exit mobile version