Site icon OmExpress

कोलकाता नगर निगम के चुनाव 19 दिसम्बर को

 

— चुनाव आयोग ने घोषित की अधिसूचना कोलकाता,। कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के बहुप्रतीक्षित चुनाव के लिए आखिरकार आयोग ने अधिसूचना जारी कर दी है। गुरुवार सुबह आयोग की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक यहां 19 दिसंबर को मतदान होंगे। इसके साथ ही 21 दिसंबर को मतगणना होनी है। पूरी चुनावी प्रक्रिया 22 दिसंबर तक संपन्न हो जाएगी। महानगर के सभी 141 वार्डों में चुनाव होंगे। हालांकि कोलकाता के साथ हावड़ा नगर निगम में चुनाव कराने की अधिसूचना अभी जारी नहीं हुई है।
राज्य चुनाव आयोग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार एक दिसंबर तक नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि है। दो दिसंबर को नामांकन पत्र की जांच होगी। चार दिसंबर को नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि और 19 दिसंबर को सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा।

—–
हावड़ा नगर निगम के चुनाव को लेकर बना हुआ है संशय
– दूसरी ओर, हावड़ा नगर निगम से बाली नगरपालिका को अलग कर चुनाव कराए जाने के राज्य सरकार के प्रस्ताव को राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने सहमति नहीं दी है। ऐसे में हावड़ा में चुनाव को लेकर संशय बना हुआ है। विधानसभा से हाल में पारित इस बिल को मंजूरी के लिए राज्यपाल जगदीप धनखड़ के पास भेजा गया था। वहीं, राजभवन की ओर से और भी जानकारी मांगी गई है। राज्यपाल ने इस प्रस्ताव में 18 बिंदुओं पर असहमति जताई है और इस संबंध में और अधिक जानकारी मांगी है।
एक दिन पहले बंगाल के नगर निकाय चुनाव से संबंधित भाजपा नेता प्रताप बनर्जी की याचिका पर कलकत्ता हाई कोर्ट में बुधवार को सुनवाई टल गई थी और अदालत ने 29 नवंबर को सुनवाई करने की बात कही थी। इधर अदालत में मामला लंबित रहने के बीच गुरुवार की सुबह राज्य चुनाव आयोग ने कोलकाता में चुनाव कराने का ऐलान कर दिया है। बंगाल सरकार पहले कोलकाता व हावड़ा नगर निगम का चुनाव एक साथ कराना चाहती है जबकि भाजपा का कहना है कि सभी नगर निकायों के चुनाव एक साथ कराया जाना चाहिए। इसे लेकर भाजपा नेता प्रताप बनर्जी की तरफ से हाई कोर्ट में मामला किया गया है।

Exit mobile version