Site icon OmExpress

कोलकाता बड़ाबाजार में लगी बड़ी आग

कोलकाता, 05 जुलाई (हि.स.)। एशिया के सबसे बड़े बाजारों में शामिल कोलकाता के बड़ाबाजार की एक तीन मंजिला इमारत में भयावह आग लग गई है। घटना रविवार सुबह की है। सुबह 10:00 बजे खबर लिखे जाने तक अग्निशमन विभाग की तीन गाड़ियां आग बुझाने की कोशिश में जुटी हुई हैं। विभाग का कहना है कि आग को फैलने से रोक दिया गया है। हालांकि इस पर काबू नहीं पाया जा सका है।

कोलकाता पुलिस की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक बड़ाबाजार के कैनिंग स्ट्रीट में मौजूद इमारत में सुबह 9:45 बजे के करीब अचानक धुएं का गुबार और आग की लपटें निकलने लगी थीं।

इसकी सूचना तुरंत थाने को दी गई। जानकारी मिलने के बाद अग्निशमन विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची हैं। आग को काबू में करने की कोशिश की जा रही है। बताया गया है कि जिस इमारत में आग लगी है, वहां बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामान मौजूद हैं, जिसकी वजह से आग फैलती जा रही है। आग को काबू में करने के लिए अग्निशमन विभाग की और अधिक गाड़ियों को लाना पड़ सकता है। हिन्दुस्थान समाचार / ओम प्रकाश

Exit mobile version