Site icon OmExpress

कौन बनेगा ‘सरदार’, राजस्थान के सरदार शहर उप चुनाव का फैसला आज

जयपुर। सरदार शहर उप चुनाव का नतीजा गुरूवार को आएगा। इसके लिए चूरू के राजकीय पॉलिटेक्निक कालेज में सवेरे मतगणना शुरू होगी। गत पांच दिसंबर को मतदान कराया गया था जिसमें 72.35 प्रतिशत वोट डले थे। राज्य विधान सभा में सरदारशहर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में निर्वाचित भंवरलाल शर्मा की 9 अक्टूबर 2022 को मृत्यु हो जाने के कारण यहां उपचुनाव कराए गए है।
उप चुनाव में कांग्रेस, बीजेपी और रालोपा के बीच मुकाबला हैं। राजस्थान में अगले साल 2023 के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में सत्तारूढ़ दल कांग्रेस के लिए ये चुनाव जीतना एक चुनौती हैं, वहीं बीजेपी भी चाह रही हैं कि वो उपचुनाव जीतकर अगले विधानसभा चुनाव के लिए अपनी ताकत दिखा सके। कांग्रेस ने इस सीट पर दिवंगत विधायक भंवरलाल शर्मा के पुत्र को टिकट देकर सहानुभूति कार्ड खेला है। वहीं बीजेपी ने पूर्व विधायक अशोक पिंचा पर दांव खेला है। वे 2008 मेे विधायक रह चुुके हैं दूसरी ओर सांसद हनुमान बेनीवाल ने अपनी पार्टी रालोपा से लालचंद मूंड को टिकट दिया है। मूंड जाट समाज से आते हैं और सरदार शहर में जाटों के वोटों का बाहुल्य हैं।

ये भी आजमा रहे हैं किस्मत
इस उप चुनाव में कांग्रेस, भाजपा और रालोपा के अलावा चुनावी रण में निर्दलीय उम्मीदवार विजय पाल सिंह श्योराण, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ़ इंडिया (मार्क्ससिस्ट) के सांवरमल मेघवाल, इंडियन पीपल्स ग्रीन पार्टी के परमाना राम, निर्दलीय सुभाष चंद्र, निर्दलीय उमेश सहू, निर्दलीय प्रेमसिंह, निर्दलीय सुरेंद्र सिंह राजपुरोहित भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

पिछले चुनावों में ये थे चुनाव नतीजे
साल 2018 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के भंवरलाल शर्मा ने 16 हजार से अधिक वोटों से जीत हासिल की थी। भंवरलाल शर्मा को कुल 95,282 वोट मिले जबकि बीजेपी प्रत्याशी अशोक पींचा को 78,466 वोट मिले थे।

आठवां उपचुनाव
राजस्थान में ये आठवां उपचुनाव होने जा रहा है। अब तक हुए सात चुनाव में कांग्रेस को पांच सीटों पर जीत मिली थी। बीजेपी और रालोपा एक एक सीट पर जीती थी।

Exit mobile version