Site icon OmExpress

खनिज लवणों से बढ़ सकती है पशुओं में वृद्धि, उत्पादन एवं प्रजनन क्षमता: डॉ. सावल

बीकानेर ,( ओम एक्सप्रेस)। वेटरनरी विश्वविद्यालय के प्रसार शिक्षा निदेशालय द्वारा राज्य स्तरीय ई-पशुपालन चौपाल बुधवार को आयोजित की गई। पशु आहार में खनिज लवणों का महत्व विषय पर विशेषज्ञ डॉ. राजेश कुमार सावल ने पशुपालकों से वार्ता की। निदेशक प्रसार शिक्षा प्रो. राजेश कुमार धूड़िया ने विषय प्रवर्तन करते हुए बताया कि अधिकांश पशुपालक जागरूगता के अभाव के कारण पशुओं को संतुलित आहार एवं नियमित खनिज लवण नहीं खिलाते है जो कि पशुओं में वृद्धि दर में कमी के साथ-साथ उत्पादन में भी कमी का कारण बनता है एवं पशुपालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है अतः खनिज लवण मिश्रण की पशु आहार में नितान्त आवश्यकता है।

आमंत्रित विशेषज्ञ डॉ. राजेश कुमार सावल, प्रधान वैज्ञानिक, राष्ट्रीय उष्ट्र अनुसंधान केन्द्र, बीकानेर में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि पशुओं में शारीरिक वृद्धि एवं दुग्ध, मांस, ऊन उत्पादन हेतु भोजन के आवश्यक घटक कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन, वसा के अलावा खनिज लवणों की बहुत आवश्यकता रहती है। पशुपालक सामान्यतः पशुओं को संतुलित आहार नहीं खिलाते है जिसके कारण पशुओं में खनिज लवणों की कमी से पशुओं में विभिन्न लक्षण जैसे शारीरिक वृद्धि में कमी, पाचन क्षमता में कमी, प्रजनन क्षमता में कमी, दुग्ध उत्पादन में कमी आदि मुख्य लक्षण दिखाई देते है। खनिज लवण मिश्रण को भारतीय मानक ब्यूरो के मापदण्डों के अनुसार विभिन्न खनिज लवणों को आवश्यकतानुसार निश्चित अनुपात में मिलाकर तैयार किया जाता है अतः पशुपालकों को बड़े पशुओं जैसे गाय-भैस को 20-25 ग्राम प्रतिदिन एवं छोटे पशु जैसे भेड़ एवं बकरी को 5-10 ग्राम प्रतिदिन के हिसाब से बांटे या चारे में खिलाएं। खनिज लवण मिश्रण के साथ-साथ पशुओं को थोड़ी मात्रा में नमक अवश्य उपलब्ध करवाएं। इससे पशुओं में समय पर शारीरिक वृद्धि के साथ-साथ उन्नत प्रजनन एवं उत्पादकता में वृद्धि होती है जिससे पशुपालकों को आर्थिक लाभ मिलता है।

Exit mobile version