Site icon OmExpress

गया, बोधगया, राजगीर व नवादा में घरों तक पहुंचेगा गंगाजल

पेय जल के लिए नीतीश सरकार की योजना पर तेजी से काम शुरू
सफलता मिलने पर पटना में भी यह योजना लागू होगी

रिपोर्ट – अनमोल कुमार

पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार के गया, बोधगया, राजगीर और नवादा में गंगा के जल को शुद्ध कर पेयजल के रूप में सभी घरों में आपूर्ति की जाएगी। इस पर तेजी से काम चल रहा है। यह योजना सफल रही तो पटना में भी गंगा जल की आपूर्ति पेयजल के रूप में घरों में की जाएगी। सीएम नीतीश कुमार ने

जनता दरबार के बाद पत्रकारों के सवाल पर यह बात कही। उन्होंने कहा कि उक्त योजना के तहत बरसात के समय चार माह गंगा के जल को तीन-चार अलग-अलग जगहों पर एकत्र किया जायेगा, जिसे शुद्घ कर पेयजल के रूप में आपूर्ति होगी। बोधगया, गया, राजगीर और नवादा में पानी की ज्यादा समस्या है तो इन जगहों के लिए पहले चरण में यह काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बोरिंग के जरिए मकानों में लोग नीचे से पानी को निकाल रहे हैं। इससे मुक्ति मिलेगी तो भूजल का स्तर ठीक रहेगा। पटना में भी पहले भूजल स्तर इतना नीचे कभी नहीं गया था।
गंगा की सफाई के एक सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसमें हमलोग लगे हुए हैं, इसकी समीक्षा करवाते रहते हैं। जब हम बचपन में बख्तियारपुर में गंगा में नहाने जाते थे तो वहीं से पीने के लिए पानी भी लेकर आते थे। चारों तरफ से गंदा पानी जाने की वजह से आज गंगा नदी के जल में खराबी आ गई है। कहीं से गंगा में गंदा पानी न जाए, इसको लेकर हमलोगों ने समीक्षा की है। हमलोग चाहते हैं कि पानी स्वच्छ हो। इसके लिए शहरों में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट पर तेजी से काम चल रहा है।

Exit mobile version