

कर्मचारियों-पेंशनर्स को 1 जनवरी 2022 से मिलेगा 34% महंगाई भत्ता, सरकार पर सालाना 1435 करोड़ का भार
जयपुर,केंद्र सरकार के कर्मचारियों का महंगाई भत्ता (DA) 3 फीसदी बढ़ाने की घोषणा के छह घंटे बाद ही गहलोत सरकार ने भी DA बढ़ाने की मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को केंद्रीय कर्मचारियों की तरह ही राजस्थान के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स का DA तीन फीसदी बढ़ाने की मंजूरी दी है। अब राज्य कर्मचारियों और पेंशनर्स को 1 जनवरी 2022 से 34 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। अभी 31 फीसदी DA मिल रहा था।
बढ़े हुए महंगाई भत्ते का फायदा 8 लाख अफसर-कर्मचारियों के साथ ही 4 लाख 40 हजार पेंशनर्स को मिलेगा। पंचायत समिति और जिला परिषद के वर्कचार्ज कर्मचारियों को भी बढ़ा हुआ DA मिलेगा। कर्मचारियों की 1 जनवरी, 2022 से 31 मार्च, 2022 तक का तीन महीने का बढ़ा हुए DA उनके जनरल प्रोविडेंट फंड (GPF) खाते या सामान्य प्रावधायी निधि (SB) खाते में जमा की जाएगी। अप्रैल महीने के वेतन से बढे़ हुए DA का नकद भुगतान होगा।
केंद्र सरकार ने आज दोपहर को ही केंद्रीय कर्मचारियों का DA बढ़ाने की घोषणा की थी। इसके कुछ ही देर बाद CM ने DA बढ़ाने की घोषणा कर दी। अब तक केंद्र के DA बढ़ाने के साथ ही राज्य कर्मचारियों का DA बढ़ाने की घोषणा होती रही है, इसी के तहत CM ने घोषणा की है। कर्मचारियों का DA बढ़ाने से सरकार पर सालाना करीब 1435 करोड़ रुपए का भार आएगा। एक अप्रैल से गहलोत ने पुरानी पेंशन लागू करने की भी बजट में घोषणा की थी। न्यू पेंशन स्कीम के लिए मूल वेतन का कटने वाला 10 फीसदी पैसा भी नहीं कटेगा।