Site icon OmExpress

चंद्रशेखर आजाद देंगे गोरखपुर में सीएम योगी को टक्कर

अखिलेश, शिवपाल, जयंत, सुहेलदेव व राजभर के सामने प्रत्याशी नहीं देंगे
भाजपा को सत्ता में आने से रोकने को चुनाव बाद भी पार्टियों की मदद करेंगे

रिपोर्ट – अनमोल कुमार

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गोरखपुर में टक्कर देंगे। भाजपा ने सीएम योगी को गोरखपुर सदर विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। योगी पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ने जा रहे हैं।

भीम आर्मी पार्टी प्रमुख चंद्रशेखर ने इससे पहले समाजवादी से बात न बनने पर मंगलवार को ऐलान किया था कि उनकी पार्टी यूपी में अकेले चुनाव लड़ेगी।चंद्रशेखर ने कहा था कि अब सपा अगर 100 सीट भी देगी तब भी पार्टी उनके साथ गठबंधन नहीं करेगी।
34 वर्षीय दलित नेता चंद्रशेखर आजाद ने पिछले लोकसभा चुनाव में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ने की घोषणा की थी। हालांकि, बाद में वे इससे पीछे हट गए थे। चंद्रशेखर तब कहा था कि चूंकि उस समय उनकी कोई राजनीतिक पार्टी नहीं थी, इसलिए मायावती की पार्टी का समर्थन करना बेहतर था।
भीम आर्मी जारी कर चुकी है उम्मीदवारों की पहली लिस्ट
भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने अपनी पार्टी के उम्मीदवारों की पहली सूची मंगलवार को जारी की थी। चंद्रशेखर आजाद ने उस प्रेस कॉन्फ्रेंस में बिना नाम लिए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर कई आरोप लगाए और कहा कि पहले 25 सीट देने का उनसे वादा किया गया था। उसके बाद उनकी पार्टी के साथ ‘छल’ किया गया।
हालांकि चंद्रशेखर ने कहा है कि वह भाजपा को सत्ता में आने से रोकने के लिए चुनाव के बाद भी पार्टियों की मदद करेंगे। उनकी पार्टी कुछ लोगों के सामने अपने उम्मीदवार नहीं उतारेगी जिनमें प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के मुखिया ओम प्रकाश राजभर, राष्ट्रीय लोक दल के प्रमुख जयंत चौधरी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अगर अखिलेश यादव चुनाव लड़ते हैं तो पार्टी उनके सामने प्रत्याशी नहीं उतारेगी।

Exit mobile version