Site icon OmExpress

चुनाव से पहले जेल से 21 दिनों के लिए
बाहर आया डेरा सच्चा सौदा प्रमुख


नई दिल्ली,(दिनेश शर्मा अधिकारी”) डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम पंजाब विधानसभा चुनावों से ठीक पहले 21 दिन के लिए जेल से बाहर आ गया है। दुष्कर्म और हत्या के आरोपों में सजा काट रहे राम रहीम को 21 दिन की फरलो मिली है। पंजाब चुनावों को देखते हुए इसके कई सियासी मायने भी लगाए जा रहे हैं। गौरतलब है कि फरलो एक तरह की छुट्टी होती है जिसमें सजायाफ्ता बंदियों को तय समय के लिए छुट्टी मिलती है जिसमें वे अपने घर जा सकते हैं लेकिन वे बताई गई जगह के अलावा कहीं भी नहीं आ जा सकते हैं। वहीं राम रहीम के फरलो पर जेल से बाहर आने की बात पर सियासी कयास लगाए जाने को लेकर हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि यदि राम रहीम को चुनाव से पहले फरलो मिली है तो ये एक संयोग है। कोई भी कैदी अपनी फरलो के लिए 3 साल की एक तय सीमा के बाद ही आवेदन कर सकता है। उसके बाद प्रशासन समीक्षा कर के उसकी फरलो पर निर्णय लेता है। इस दौरान पंजाब से कई राजनीतिक दलों के प्रत्याशी भी डेरा सच्चा सौदा पहुंचे थे। पिछले कुछ दिनों से लगातार डेरा सच्चा सौदा में पंजाब से राजनीतिक नेताओं का पहुंचना जारी है। गौरतलब है कि डेरा में हमेशा से ही राजनीतिक लोगों का दखल रहा है। इसे काफी बड़े वोट बैंक के तौर पर भी देखा जाता रहा है।

Exit mobile version