नई दिल्ली,(दिनेश शर्मा “अधिकारी”)। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) घोटाले के आरोपी मेहुल चोकसी के जल्द भारत प्रत्यर्पण की उम्मीद बढ़ गई है। एंटीगुआ के प्रधानमंत्री गैस्टन ब्राउन के अनुसार भारत ने एक प्राइवेट जेट के जरिए डोमिनिका सरकार को चोकसी के प्रत्यर्पण के दस्तावेज भेजे हैं। वह इस वक्त डोमिनिका के जेल में बंद है। माना जा रहा है कि इस विमान से ही चोकसी को भारत लाया भी जाएगा। हालांकि भारत की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। इससे पहले शनिवार को चोकसी की डोमिनिका के जेल से पहली तस्वीर सामने आई थी। सलाखों के पीछे कैद चोकसी स्काई कलर की टी-शर्ट में दिख रहा है। उसके चेहरे पर डर और भय साफ देखा जा सकता है। उसकी बाईं आंख में चोट के निशान भी दिख रहे हैं। उसकी आंख लाल है। साथ ही उसके हाथ में भी चोट के निशान देखे जा सकते हैं। उसके वकीलों ने दावा किया है कि चौकसी से मारपीट की गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार डोमेनिका में चोकसी के वकील मार्श वेन ने कहा कि सुबह उन्होंने अपने क्लांइट से पुलिस स्टेशन में मुलाकात की है। चोकसी ने आरोप लगाया कि उसे डोमिनिका में अपहरण कर लाया गया है। उसने अपने साथ मारपीट का भी आरोप लगाया है। चोकसी के वकील मामले में राहत के लिए अदालत में अपील दाखिल करने वाले हैं। वह कुछ दिन पहले एंटीगुआ और बारबुडा से लापता हो गया था। इसके बाद इंटरपोल ने उसके खिलाफ यलो नोटिस जारी किया था। बाद में इसी नोटिस को एंटीगुआ सरकार ने भी रिटेन किया। इसके बाद उसकी तलाश तेज कर दी गई थी।
चोकसी को मंगलवार यानी 25 मई को डोमिनिका में पकड़ा गया था। एंटीगुआ मीडिया ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया कि 62 साल का चोकसी डोमिनिका से क्यूबा भागने की फिराक में था, उसी दौरान उसे दबोच लिया गया। सूत्रों के अनुसार वह एंटीगुआ और बारबुडा से बोट के जरिए डोमिनिका पहुंचा था। इधर, मुंबई के वालकेश्वर में गोकुल अपार्टमेंट की 9वीं और 10वीं मंजिल स्थित मेहुल चोकसी के घर पर ताला लटका हुआ है, लेकिन घर के दरवाजे और दीवारों पर सरकारी नोटिस का ढेर लगा हुआ है। इनमें से अधिकांश नोटिस सीबीआई, ईडी, इनकम टैक्स और पंजाब नेशनल बैंक सहित कई अन्य बैंकों के हैं। फ्लैट के दरवाजे के पास फर्श पर भी कई सारे नोटिस बिखरे पड़े हैं। ये सारे नोटिस साल 2019 से लेकर 2021 तक के हैं। 14,500 करोड़ रुपए के पीएनबी घोटाले का आरोपी चोकसी जनवरी 2018 में विदेश भाग गया था। बाद में पता चला कि वह 2017 में ही एंटीगुआ-बारबुडा की नागरिकता ले चुका है। पीएनबी घोटाले की जांच कर रही केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) जैसी एजेंसिया चौकसी के प्रत्यर्पण की कोशिश में जुटी हैं। मेहुल चोकसी खराब सेहत का हवाला देकर भारत में पेशी पर आने से इनकार कर चुका है। कभी-कभी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ही उसकी पेशी होती है। भारत में उसकी कई संपत्तियां भी जब्त की जा चुकी हैं। इस घोटाले का मुख्य आरोपी चोकसी का भांजा नीरव मोदी लंदन के जेल में है। वहां की अदालत और सरकार ने उसके प्रत्यर्पण की मंजूरी भी दे दी है, लेकिन नीरव ने प्रत्यर्पण के फैसले को लंदन के हाईकोर्ट में चुनौती दी है। इस मामले में हाईकोर्ट का फैसला आने में 10 से 12 महीने का वक्त लग सकता है।