Site icon OmExpress

छापे मारने गई टीम पर शराब धंधेबाजों का हमला, 4 पुलिसकर्मी घायल

तीन महिला व एक पुरुष धंधेबाज गिरफ्तार

बगहा,रिपोर्ट अनमोल कुमार: शराब के खिलाफ छापेमारी अभियान में रामनगर थाना क्षेत्र के धंगड़ टोली में मंगलवार की सुबह पहुंची उत्पाद विभाग एवं पुलिस टीम पर शराब के धंधेबाजों ने ईंट-पत्थर से हमला बोल दिया, जिसमें एक एएसआइ समेत 4 पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। थाने की गाड़ी को भी धंधेबाजों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। घायल एएसआइ सुरेंद्र कुमार अरुण, राजकुमार सिंह, सिपाही राजा राम पंडित व उत्पाद विभाग के जवान तरुण कुमार का पीएचसी में इलाज चल रहा है। थानाध्यक्ष अनंत राम ने बताया कि सभी की स्थिति बेहतर है। इस मामले में तीन महिला धंधेबाज और एक पुरुष को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। बता दें कि स्थानीय थाने से धंगड़ टोली महज चंद मिनट की दूरी पर है। बीते दो दिन पहले भी इस टोले में छापेमारी में पुलिस को 10 लीटर चुलाई शराब मिली थी। वहीं करीब 400 लीटर अर्द्ध निर्मित शराब को नष्ट किया गया था।

Exit mobile version