Site icon OmExpress

जन जागरूकता अभियान के क्रम में निकली साइकिल रैली

बीकानेर।राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार कोरोना महामारी से बचाव के लिए जन जागरूकता अभियान के क्रम में राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड मंडल मुख्यालय बीकानेर के रोवर रेंजर एवं सीनियर स्काउट ने साइकिल रैली निकाली। रविंद्र रंगमंच से प्रारंभ साइकिल रैली को बीकानेर जिला कलेक्टर कुमार पाल गौतम ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जागरूकता अभियान संयोजक एवं प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी कनिष्क कटारिया, अति. जिला शिक्षा अधिकारी सुनील बोडा, मंडल सचिव देवानंद पुरोहित, सहायक राज्य संगठन आयुक्त मानमहेंद्र सिंह भाटी ने उपस्थित रहकर रैली संभागीयों को प्रेरित किया। जिला कलेक्टर कुमार पाल गौतम ने कहा कि कोरोना से सुरक्षित रहने के लिए जागरूकता आवश्यक है। हमारी जागरूकता ना केवल हमें सुरक्षित रखती है, वरन् समुदाय को भी सुरक्षा प्रदान करती है। रैली के दौरान साइकिल पर लगे संदेश मास्क पहनने, सोशल डिस्टेंसिंग, सार्वजनिक खुले स्थानों पर नहीं थूकने एवं अपने हाथों को समय-समय पर सैनिटाइजिंग करने के लिए प्रेरित कर रहे थे ।

जागरूकता संयोजक कनिष्क कटारिया ने कहा कि साइकिल रैली के माध्यम से शहर वासियों को कोरोना के प्रति सचेत रहने का संदेश दिया गया है। सहायक राज्य संगठन आयुक्त मानमहेन्द्र सिंह भाटी ने बताया कि सी ओ स्काउट जसवंत सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में निकली रैली अंबेडकर सर्किल, रानी बाजार पुलिया, सूरज टॉकीज, चोपड़ा कटला, रेलवे स्टेशन, सादुल स्कूल, कोटगेट, जूनागढ़, होते हुए पब्लिक पार्क में विसर्जित हुई। रैली में सी ओ गाइड ज्योति रानी महात्मा स्काउटर श्रीवल्लभ पुरोहित विजयकृष्ण शर्मा, गाइडर रितू गौड़ सहित 30 रोवर रेंजर ने सहभागिता की।

Exit mobile version