Site icon OmExpress

जेएलएन में नहाने उतरे 3 युवक डूबे, एक की मौत, 2 की तलाश जारी

ओम एक्सप्रेस -सन्तोष सैनी
झज्जर। गर्मी के मौसम में नहरों में स्नान करना खतरनाक होता जा रहा है। जिले से होकर गुजरने वाली जेएलएन में नहाने उतरे 2 युवक व एक किशोर डूब गए। इनमें से एक युवक का शव काफी मशक्कत से निकाला गया। वहीं अलग-अलग स्थानों पर दो की अभी तलाश जारी है।
बेरी-कलानौर रोड पर जेएलएन नहर में नहाने गए दिल्ली के मुंडका निवासी दो साथी डूब गए। उनमें से एक की मौत हो चुकी है और दूसरे की तलाश की जा रही है। वहीं दूसरा मामला गांव लडायन का है, जहां अपने 2 साथियों के साथ नहर में नहाने उतरा एक किशोर बहाव तेज होने के कारण डूब गया। सूचना मिलते ही ग्रामीण व प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा।

किशोर की तलाश के लिए गोताखोर व टीम जुटी हुई है। नहर में डूबने का यह कोई एक मामला नहीं, इससे पहले भी कई लोगों की नहर में डूबने के कारण मौत हो चुकी है जबकि व्यवस्था के स्तर पर दिए जाने वाले आदेशों का जमीनी स्तर पर कोई असर दिखाई नहीं दे रहा।
बेरी-कलानौर रोड स्थित जेएलएन नहर पर बने पुल के समीप नहाने के लिए उतरे दिल्ली के मुंडका निवासी राजा व विकास बुधवार शाम को डूब गए थे। वीरवार को आसपास के लोगों ने पुल के समीप नहर के किनारे मोटरसाइकिल, कपड़े व मोबाइल फोन देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर उनके परिवार वालों को इसकी सूचना दी और उनकी तलाश आरंभ कर दी।
गांव दुबलधन के समीप 24 वर्षीय राजा का शव नहर में तैरता हुआ मिला। जिसे काफी मशक्कत के बाद पानी से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल में ले आए। शुक्रवार को पोस्टमार्टम किया गया।
मृतक राजा के पिता नवल ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि राजा व विकास मोटरसाइकिल पर किसी जरूरी काम से बेरी आए थे। इसके बाद नहर में नहाने के लिए उतरे तो वे डूब गए। पुलिस से सूचना मिलते के बाद मौके पर पहुंचे हैं। वहीं विकास की अभी भी तलाश जारी है।
बेरी थाना के जांच अधिकारी एएसआई प्रीतम ने बताया कि मृतक राजा के पिता नवल के बयान दर्ज किए है। इत्तेफाकिया कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों को सौंप दिया। वहीं विकास की अभी भी तलाश जारी है।

– लड़ायन में डूबा 16 वर्षीय किशोर, गोताखोरों की टीम, पुलिस व ग्रामीण तलाश में जुटे
दो दोस्तों के साथ नहाने के लिए नहर में उतरा था किशोर
– तलाश के लिए भौंड़सी से पहुंची 6 गोताखोरों की टीम
गांव लड़ायन स्थित पुल के समीप शुक्रवार दोपहर को जेएलएन में नहाने के लिए उतरे 3 किशोरों में से एक करीब 16 वर्षीय किशोर बहाव तेज होने के कारण नियंत्रण नहीं रख पाया और डूब गया। साथ में नहाने के लिए उतरे किशोरों ने उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन वे सफल नहीं हो पाए। जैसे ही इसकी सूचना ग्रामीण व परिवार वालों को लगी तो सभी घटनास्थल पर पहुंच गए। वहीं पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और गोताखोरों की मदद से किशोर की तलाश आरंभ की।
घटना की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार लच्छी राम व साल्हावास थाना प्रभारी सुरेश हुड्डा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। झज्जर पुलिस लाइन से गोताखोर को बुलाया गया जो किशोर की तलाश में जुट गया। किशोर की तलाश नहीं होने के कारण भौंडसी से छह गोताखोरों को बुलाया गया है।
शुक्रवार शाम को पहुंचे गोताखोरों की टीम ने भी किशोर की तलाश आरंभ कर दी। घटना के बाद ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे हुए है। सभी किशोर की तलाश करने में मदद कर रहे हैं। ताकि किसी तरह से उसे खोजा जा सके। हालांकि खबर लिखे जाने तक तलाश जारी थी।

ओमप्रकाश धनखड़ ने नहर का पानी कम करवाने के लिए उपायुक्त से की बात
लडायन स्थित जेएलएन नहर के पास बने पुल के समीप से गुजरते समय पूर्व कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने जब लोगों की भीड़ देखी तो वे भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों से घटना के बारे में पूछताछ की। नहर का पानी कम करने को लेकर उन्होंने उपायुक्त से बातचीत की ताकि किशोर की तलाश में जुटे गोताखोरों को मदद मिल सके और किशोर को तलाशा जा सके।
मौके पर काफी संख्या में लोग मौजूद है। इसी माह में पहले भी क्षेत्र के एक किशोर की डूबने के कारण मौत हो चुकी है जबकि पिछले माह में बादली से होकर गुजर रही नहर में नहाने के कारण कई मौतें हुई हैं। प्रशासनिक स्तर पर उपायुक्त की ओर से आदेश भी दिए गए है। नहाने पर प्रतिबंध लगा हुआ है लेकिन इन सभी आदेशों का असर नहीं हो रहा।

Exit mobile version