Site icon OmExpress

जेठा भुट्टा पीर के उर्स पर उमड़े जायरिन

बीकानेर। साम्प्रदायिक सौहार्द के प्रतीक गजनेर के जेठा भुट्टा पीर बाबा के सालाना उर्स मुबारक मौके पर सोमवार को जायरिनों का सैलाब उमड़ पड़ा।इस मुबारक मौके पर बीकानेर राजघराने की ओर से हमेशा की तरह इस बार भी पीर बाबा की मजार पर चादर चढ़ाई गई।दरगाह के खादिम मौलाना चिराग मोहम्मद ने बताया कि मुबारक मौके पर महापौर नारायण चौपड़ा,भाजपा नेता अनिल पाहुजा, टीम मोदी सपोर्टर राष्ट्रीय सचिव श्रीमती शांति सिंह चौहान, पार्षद राजा सेवग, रमजान अब्बासी, सैय्यद अख्तर, जियाउल हक, महावीर मारू ख्वाइसमंदों ने बाबा की मजार पर चादर चढ़ाई व अकीदत के फूल पेश किए।दरगाह के बाहर मेला स्थल पर प्रशासन की ओर से इस अवसर पर यातायात व पानी के टैंकरों की व्यवस्था पहले से ही सुचारु रुप से की गई थी। दरगाह के दीवारों पर रंग-रोगन व रोशनी की व्यवस्था बीकानेर राजघराने की ओर से की गई है। मेले में रात से ही जायरीनों का तांता लगा रहा।लोग बसों, ऊंट गाड़ों एवं अपने-अपने वाहनों से जेठा-भुठ्ठा पीर के मजार पर जियारत के लिए बडे ज़ोश खरोश से गए। सभी ने पीर के मजार पर अमन-चैन की दुआएं मांगी। पीर साहेब की दरगाह में जायरिन बन कर पहुंचे महापौर नारायण चौपड़ा ने इस मौके पर कहा कि जेठा भुठ्ठा पीर बाबा का मेला बीकानेर के साम्प्रदायिक सौहार्द का प्रतीक है। इससे पूर्व सुबह पूर्व महाराजा गंगासिंह की ओर से प्रदत सलमा सितारों से जड़ी चादर चढ़ाने व कुरआन ख्वानी के साथ शुरू हुए उर्स मुबारक के दौरान दिनभर जयरीनों ने बाबा की दरगाह में चादर, पुष्प मालाएं व शीरनी चढ़ाई तथा मन्नत मांगी।

Exit mobile version