Site icon OmExpress

जैसलमेर में दो कोरोना पोजिटीव आने के बाद जिला प्रशासन सतर्क

हर स्तर पर बरती जा रही हैं पूरी सावधानियां

रेण्डम सेंपल लिए जाने की वजह से चल पाया संक्रमण का पता

जिला कलक्टर ने दिए अधिक से अधिक रेण्डम सेंपल लिए जाने के निर्देश

जैसलमेर, 11 मई/कोरोना संक्रमण की जांच में जैसलमेर के दो जनों के पोजिटीव आने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और लोगों से कहा गया है किसी तरह घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है, हर स्तर पर पूरी सावधानियां बरतने के साथ ही कोरोना संक्रमण से बचाव एवं रोकथाम के लिए जिला प्रशासन तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी संभव प्रयास अमल में लाए जा रहे हैं।
जिला कलक्टर नमित मेहता ने बताया कि जैसलमेर में नई भर्ती पर आयी एक एएनएम तथा बाहरी राज्य से आए एक प्रवासी व्यक्ति के पोजिटीव होने की रिपोर्ट प्रशासन द्वारा लिए गए रेण्डम सेंपल के माध्यम से सामने आयी है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा लिए जा रहे रेण्डम सेंपलों की जांच के परिणामस्वरूप ही इनमें कोरोना संक्रमण का पता लग पाया है अन्यथा इन दोनों में ही कोरोना संक्रमण के कोई लक्षण नहीं दिखे थे। रेण्डम सेंपल की वजह से ही इनके कोरोना से संक्रमित होने का पता चल पाया।
जिला कलक्टर ने बताया कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कहा गया है कि अधिक से अधिक रेण्डम सेंपल लेकर जाँच के लिए भिजवाए ताकि कहीं भी कोई पोजिटीव केस की संभावना हो तो उसका समय रहते पता चल सके।
उन्होंने बताया कि इन दोनों ही पोजिटीव केस की सम्पर्क हिस्ट्री की तलाश हो रही है तथा इनके सम्पर्क में आए सभी लोगों को क्वारेंटाइन कर इनके सेंपल लिए जाने की कार्यवाही जारी है।

Exit mobile version