Site icon OmExpress

जैसलमेर में मालगाड़ी के 15 वैगन पटरी से उतरे:चांधन-जेठा रेल लाइन पर उखड़ी पटरी

– ट्रैक सही होने तक फलौदी तक चलेगी ट्रेन

जैसलमेर।जैसलमेर में सुबह एक मालगाड़ी के पटरी से उतर जाने से 15 वैगन क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के कारण पटरी भी उखड़ गई। मालगाड़ी में भरा लाइम स्टोन भी बिखर गया। दरअसल सोनू माइंस से लाइम स्टोन भरकर निकली मालगाड़ी जेठा-चांधन रेल लाइन पर पटरी से उतर गई। सुनसान इलाके में ट्रेन हादसा होने से कोई जनहानि नहीं हुई। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। रेल प्रशासन को इसकी जानकारी मिलने पर जोधपुर से अधिकारी व कर्मचारी मौके के लिए रवाना हो गए।

पटरी टूटने के कारण बंद रहेगी 4 ट्रेन

मालगाड़ी के पटरी से उतर जाने और पटरी के टूटने के कारण जैसलमेर से रेल मार्ग बंद कर दिया गया है। कई ट्रेनों को केवल फलौदी तक ही चलाया जाएगा। जैसलमेर आने वाली लालगढ़ ट्रेन को रद्द कर दिया गया है। लालगढ़-जैसलमेर, जोधपुर-जैसलमेर और जोधपुर-जैसलमेर स्पेशल ट्रेन को केवल फलौदी तक ही संचालित किया जाएगा। बताया जा रहा है कि जब तक मालगाड़ी को नहीं हटाया जाएगा और ट्रैक सही नहीं हो जाता है, तब तक इस रूट पर 4 ट्रेन बंद रहेगी। मालगाड़ी के पटरी से उतर जाने से पटरी को भी काफी नुकसान हुआ है। रेल प्रशासन अब मालगाड़ी को हटाने में जुट गया है, लेकिन इसमें ज्यादा समय लगने की संभावना है, तब तक रेल मार्ग बंद रहेगा।

Exit mobile version