Site icon OmExpress

जोधपुर गड़बड़ाई जलापूर्ति गर्मी बढ़ने के साथ बढ़ गया संकट

पानी की मांग को लेकर महिलाओं ने मटके फोड़ रोका रास्ता

जोघपुर।पर्याप्त पेयजल उपलब्ध होने के बावजूद जलदाय विभाग गर्मी बढ़ने के साथ बढ़ी मांग के साथ सामंजस्य नहीं बैठा पा रहा है। शहर की कई कॉलोनियों में गंभीर पेयजल संकट गहराता जा रहा है। कई क्षेत्र के लोग जलदाय विभाग कार्यालयों के सामने प्रदर्शन कर रहे है। बनाड़ क्षेत्र की सोढ़ोर की ढाणी की महिलाओं ने गुरुवार को झालामंड बाईपास पर जोरदार प्रदर्शन किया। महिलाओं ने सड़क पर मटकियां फोड़ रास्ता जाम कर दिया। बाद में अधिकारियों ने मौके पर पहुंच समझाइश कर रास्ता खुलवाया।

पानी की मांग को लेकर जोधपुर में कल तीन स्थान पर लोगों ने प्रदर्शन किया था। आज एक बार फिर सोढ़ोर की ढाणी की महिलाएं सड़क पर आ डटी। बड़ी संख्या में मटकियां लेकर पहुंची महिलाओं ने सड़क पर मटके फोड़े और रास्ता जाम कर वहीं बैठ गई। महिलाओं का कहना था कि नाम मात्र का भी पानी नहीं आ रहा है। एक-एक बूंद के लिए तरसना पड़ रहा है। साथ ही जरुरतें पूरी करने के लिए ऊंचे दाम पर टैंकर मंगाने पड़ रहे है।

महिलाओं के रास्ता रोक देने से बाईपास पर सड़क के दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गई। बाद में पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझाइश की। उन्होंने जलदाय विभाग के अधिकारियों से भी बात कराई। पर्याप्त जलापूर्ति का आश्वासन मिलने के बाद महिलाओं ने अपना जाम हटाया।

Exit mobile version