Site icon OmExpress

जोधपुर माता का थाना क्षेत्र में आपसी रंजिश में चली गोली

-युवक घायल, पिस्तौल छोड़कर भागे बदमाश, पुलिस ने की नाकाबंदी

जोधपुर। शहर के माता का थान थाना क्षेत्र में आपसी रंजिश के चलते दो पक्षों में भिड़न्त हो गई। एसयूवी से टक्कर मारने के बाद चली फायरिंग में एक युवक घायल हो गया। गोली लगने से घायल हुए युवक को उसी के साथी अस्पताल में ले गए। अचानक गोली चलने से अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से देशी पिस्तौल बरामद की है। पुलिस अब अस्पताल में उपचार करवाने गए युवक की तलाश कर रही है।

पुलिस ने बताया कि बुधवार सुबह माता का थान क्षेत्र में दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि एक पक्ष ने दूसरे को एसयूवी से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद एक पक्ष ने दूसरे पर फायर कर दिया, जिससे एक युवक को गोली लग गई। यह देख गोली लगने से घायल युवक को उसी के साथी अस्पताल में ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से देशी पिस्तौल बरामद की है जिसे हमलावर छोड़कर भाग गए थे।

-गुस्साए लोगों ने रास्ता रोका

उधर दिन दहाड़े हुई फायरिंग के बाद लोगों में आक्रोश है। इससे गुस्साए लोगो ने रास्ता जाम कर दिया। पुलिस ने समझाइश कर लोगों को शांत करवाया। पुलिस अब घायल युवक की तलाश करने के साथ ही हमलावरों की तलाश में जुट गई।

Exit mobile version