Site icon OmExpress

दिल्ली के उप राज्यपाल अनिल बैजल का अचानक इस्तीफा

राष्ट्रपति को त्यागपत्र सौंपा, निजी कारणों का दिया हवाला

नई दिल्ली : दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने अचानक राष्ट्रपति को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। जानकारी के मुताबिक उन्होंने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए इस्तीफा दिया है। उन्हें नजीब जंग के बाद दिसंबर 2016 में दिल्ली का 21वा उपराज्यपाल नियुक्त किया गया था। अधिकारों और प्रशासन को लेकर अक्सर उनके मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ मतभेद रहते थे। हालांकि, 30 दिसंबर 2021 को बैजल का कार्यकाल पूरा हो गया था लेकिन उन्हें सेवा विस्तार दिया गया था। वह पांच साल तक दिल्ली के उपराज्यपाल रहे। अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में वह केंद्रीय गृह सचिव के रूप में काम कर चुके हैं। गृह सचिव रहने के दौरान ही उन्होंने किरण बेदी पर कार्रवाई की थी और उन्हें हेड ऑफ जेल्स के पद से हटा दिया था। उनपर जेल के नियमों का उल्लंघन करने का आरोप था। अनिल बैजल ने कई मंत्रालयों में महत्वपूर्ण पद संभाल चुके हैं। वह दिल्ली विकास प्राधिकरण के उपसचिव के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।2006 में वह शहरी विकास मंत्रालय के सचिव पद से सेवानिवृत्त हुए थे। इसके बाद जवाहरलाल नेहरू नेशनल अर्बन रिन्यूअल मिशन से जुड़े रहे।

Exit mobile version