Site icon OmExpress

दिल्ली से गिरफ्तार आतंकवादी ने बिहार से बनवाई थी फर्जी ID, सीमावर्ती जिलों में अलर्ट

दिल्ली ,अनमोल कुमार ।

दिल्ली से गिरफ्तार आतंकी अशरफ अली के खुलासे के बाद बिहार पुलिस महकमें में हड़कंप मच गया है और इसके साथ ही सीमावर्ती जिलों को अलर्ट कर दिया गया है. पुलिस मुख्यालय ने सीमावर्ती जिलों के सभी पुलिस अधीक्षकों को इस बाबत आदेश भी जारी कर दिया है. दरअसल अशरफ अली द्वारा बिहार के पते पर बनाये गये फर्जी ID की पड़ताल करने को लेकर मुख्यालय ने यह आदेश जारी किया है. अशरफ अली को संरक्षण और साथ देने वालों की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने का भी आदेश जारी किया गया है.

बता दें कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल टीम ने दिल्ली से पाकिस्तानी आतंकी को गिरफ्तार किया है. गिरफ़्तार आतंकी पाकिस्तानी मूल का है. आईएसआई (ISI) ने दिल्ली समेत भारत में हमले के लिए ट्रेंड किया था. पुलिस को उसके कब्जे से AK-47 हथियार, हैंड ग्रेनेड बरामद हुए हैं. फिलहाल पुलिस पकड़े गए आतंकी से पूछताछ कर रही है. बता दें कि कुछ दिन पहले सुरक्षा ऐजेंसियों ने अलर्ट भी जारी किया था कि आईएसआई दिल्ली में धमाके कर सकती है.इस आतंकी को सोमवार को पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर के रमेश पार्क से गिरफ्तार किया गया था. वो फर्जी पहचान पत्र के आधार पर दिल्ली में रह रहा था. फर्जी दस्तावेजों के आधार पर उसने शास्त्री पार्क के एक पते पर उसने भारतीय पहचान पत्र बनवाया था. उसकी निशानदेही पर कालिंदी कुंज के यमुना घाट से एक AK-47, 60 कारतूस, एक हैंड ग्रेनेड ,2 पिस्टल और उसके 50 कारतूस बरामद हुए है. तुर्कमान गेट से उसका एक फर्ज़ी पासपोर्ट बरामद हुआ है. वो दिल्ली में त्योहारों के मौसम में बड़ा हमला करने की फिराक में था.फिलहाल संदिग्ध आतंकी से पूछताछ जारी है. दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल सूत्रों के मुताबिक आतंकी दिल्ली-6 के इलाके में भी रह चुका था. स्पेशल सेल के अधिकारी उससे दिल्ली-6 के इलाके की पूरी जानकारी इकट्ठा कर रहे हैं ताकि आतंकी अशरफ कितनी बार दिल्ली 6 की तरफ गया, क्या अभी हाल में ही उसकी मूवमेंट वहां पर थी और वहां पर और किस के संपर्क में वो था उसकी जानकारी जुटाई जा रही है ।

Exit mobile version