बांदीकुई/धोरीमन्ना। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले दौसा जिले के बांदीकुई उपखंड के छोटे से गांव हरणाथपुरा निवासी शिक्षक लेखराज गौड़ को सम्मानित किया गया। उपखंड स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में उपखंड अधिकारी एवं उपखंड मजिस्ट्रेट, धोरीमन्ना ने शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षक गौड़ को शैक्षिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।
शिक्षक लेखराज गौड़, जो मालाणी री टीम नूतन शिक्षक संगठन के प्रदेश मंत्री (मुख्यालय जयपुर) भी हैं, वर्तमान में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय थोरियों की ढाणी, धोरीमन्ना में सेवाएं दे रहे हैं।
गौड़ ने विद्यालय में प्ले-वे मैथड, सहायक शिक्षण सामग्री, रेमेडियल क्लासेज और डिजिटल लर्निंग जैसी नवाचार आधारित शिक्षण गतिविधियों को बढ़ावा दिया। उनके प्रयासों से विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ सह-शैक्षणिक गतिविधियों में भी बेहतर अवसर मिल रहे हैं। बताया गया कि वे पिछले सात वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर नवाचार एवं समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं।
विद्यालय में शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम सहित विद्यार्थियों के शैक्षिक विकास में उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए उन्हें इस सम्मान के लिए चुना गया।
गांव से निकलकर शिक्षा के क्षेत्र में बनाई पहचान
दौसा जिले के बांदीकुई उपखंड के छोटे से गांव हरनाथपुरा से निकलकर शिक्षक लेखराज गौड़ ने अपने कार्य और समर्पण से शिक्षा के क्षेत्र में अलग पहचान बनाई है। उनका सम्मान न केवल उनके परिवार और गांव, बल्कि क्षेत्र के युवाओं एवं शिक्षकों के लिए भी प्रेरणादायक है।
गौड़ का मानना है कि शिक्षक का सबसे बड़ा सम्मान विद्यार्थियों की सफलता और उनके बेहतर भविष्य में है। उनके इसी समर्पण और नवाचारपूर्ण शिक्षण कार्य को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रशासन द्वारा सम्मानित किया गया।

