

-35 लाख रुपए से योग भवन का केन्द्रीय मंत्री मेघवाल, सांसद मीणा और गहलोत करेंगे उद्घाटन
बीकानेर । गंगाशहर स्थित राजस्थान के सबसे पुराने प्राकृतिक चिकित्सा केन्द्र में अब आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसी कड़ी में शिरोधारा कक्ष का निर्माण कराया गया है। जहां पर शिरोधारा कर्म थैरेपी कराई जाएगी। प्राकृतिक चिकित्सा केन्द्र में होेने वाले विकास कार्यों के संदर्भ में पत्रकार वार्ता रखी गई। इसमें केन्द्र अध्यक्ष वेदप्रकाश चतुर्वेदी ने बताया कि यह सेवा है, व्यापार नहीं है। मंत्री डॉ. बनवारी लाल शर्मा ने बताया कि प्राकृतिक चिकित्सा से लोग दूर हो रहे है, उनमें जन जागृति लाने का कार्य किया जाएगा और प्राचीन चिकित्सा पद्धति से लोगों को जोड़ा जाएगा। इसके लिए आधुनिक संसाधनों का विस्तार किया जा रहा है।
-नए योग भवन का उद्घाटन 20 जून को
प्राकृतिक चिकित्सा केन्द्र में नवनिर्मित योग भवन का उद्घाटन 20 जून को प्रस्तावित। मंत्री बनवारी शर्मा के अनुसार इसके निर्माण में 35 लाख रुपए की लागत आई है। इसका उद्घाटन 20 जून को सुबह 10ः30 बजे होगा। इस मौके पर केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, राज्य सभा सांसद डॉ.किरोड़ी लाल मीणा, राज्य सभा सांसद राजेन्द्र गहलोत, शिवबाड़ी महंत विमर्शानंद गिरी महाराज शामिल होंगे। वही स्वागताध्यक्ष के रूप में भाजपा शहर अध्यक्ष विजय आचार्य भी मौजूद रहेंगे।
केन्द्र से जुड़े श्रीभगवान अग्रवाल ने बताया कि परिसर में पर्यावरण संरक्षण के लिए 250 पेड़ लगाए गए हैं, ताकि आने वालों शुद्ध हवा मिल सके। यह लोगों के सहयोग से ही आगे बढ़ रहा है। डॉ.वत्सला गुप्ता ने प्राकृतिक चिकित्सा के फायदे बताए। गुप्ता ने कहा कि ज्यादा से ज्यादा लोगों में इसका प्रचार हो इसके प्रयास किए जाएंगे।