Site icon OmExpress

नव निर्मित पालिका भवन तथा नगर द्वार का उद्घाटन मंत्री गोविन्द मेघवाल ने किया

श्रीडूंगरगढ़ / बीकानेर। (तोलाराम मारू)।

जीव जतन जन कल्याण ट्रस्ट की ओर से निर्मित पालिका भवन का उद्घाटन आपदा प्रबंध मंत्री गोविन्द मेघवाल ने किया, इससे पूर्व उन्होंने इसी ट्रस्ट की ओर से निर्मित शिव नगर द्वार का भी उद्घाटन किया।
पालिका के समक्ष आयोजित उद्घाटन समारोह में बोलते हुए मंत्री गोविन्द मेघवाल ने कहा कि भामाशाह जतनजी पारख ने लाखों रुपये की राशि से इस सुन्दर पालिका भवन का निर्माण करवाया है। इसी परिवार द्वारा राजकीय कन्या महाविद्यालय का भी निर्माण करवाया जा रहा है। पारख परिवार की इस सामाजिक भूमिका की जितनी प्रशंसा की जाये उतनी कम है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में काम किया जाना बहुत आवश्यक है, क्योंकि सारी प्रगति शिक्षा पर अवलंबित है।
मंत्रीजी ने कहा कि वर्षा के दिनों में श्रीडूंगरगढ़ शहर के निचले क्षेत्र को जल भराव की समस्या से जूझना पड़ता है। अगर यह समस्या आपदा की परिभाषा में आती है तो मैं अपने विभाग से समीक्षा करवाकर इस कार्य को करवाने का प्रयास करूंगा।
प्रारंभ में पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा ने मंत्री जी से निवेदन किया कि श्रीडूंगरगढ़ के जल भराव की समस्या का समाधान करावें। उन्होंने पारख परिवार के सामाजिक योगदान की भूरि भूरि प्रशंसा की।
स्थानीय विधायक गिरधारीलाल महिया ने कहा कि जतनजी पारख का अपनी धरती के प्रति अत्यधिक प्रेम और उदार भाव है। उन्होंने मंत्री जी से कहा कि श्रीडूंगरगढ़ की जल निकासी की योजना में उनका सहयोग करे।
मंत्री गोविन्द मेघवाल ने भामाशाह जतन पारख की माताजी राजूदेवी पारख को शाॅल ओढाकर उनका सम्मान किया।
भामाशाह जतन पारख ने बहुत भावुक होकर कहा कि वे अपने कार्यों से जन्म भूमि का ऋण चुकाने की चेष्टा करते हैं। वे सोचते हैं कि यहां कुछ न कुछ कार्य चलते रहना चाहिए और स्थानीय लोगों को भी अपनी जन्म भूमि के प्रति कुछ न कुछ अच्छे कार्य करते रहना चाहिए।
एस डी एम डाॅ दिव्या चौधरी, तुलसीराम चौरड़िया तथा भीखमचंद पुगलिया ने भी अपने विचार व्यक्त किये। साहित्यकार श्याम महर्षि ने कहा कि जतन पारख वे व्यक्ति हैं जो जिस कार्य की कह देते हैं, उसे हर हाल में पूरा करते हैं।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक किशनाराम नाई तथा नगर के गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।
प्रारंभ में आचार्य श्री महाश्रमण जी की शिष्या साध्वी चरितार्थ प्रभाजी ने पालिका के नव निर्मित भवन में पगलिया कर मंगल पाठ सुनाया।
जीव जतन जन कल्याण ट्रस्ट की ओर आनंद पारख ने आभार ज्ञापित किया। मंच का बहुत ही शानदार संचालन पत्रकार कपिला स्वामी ने किया।

Exit mobile version