Site icon OmExpress

नागौर में दिल दहला देने वाली घटना, विवाहिता ने दो मासूम बेटियों के साथ टांके में कूदकर दी जान

नागौर. नागौर जिले के श्रीबालाजी थाना क्षेत्र के छीला गांव में मंगलवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गांव में एक विवाहिता ने पारिवारिक कलह से परेशान होकर अपनी दो मासूम बच्चियों के साथ टांके में कूदकर अपनी जान दे दी। घटना की सूचना मिलने पर श्रीबालाजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तहसीलदार तथा पीहर पक्ष की मौजूदगी में तीनों के शव बाहर निकाले।

श्रीबालाजी थानाधिकरी रमेश बिट्ठू से मिली जानकारी के अनुसार छीला गांव के छगनलाल की पत्नी भंवरी देवी (24) ने पारिवारिक परेशानी से तंग आकर अपनी 3 वर्षीय मासूम बच्ची प्रियंका व 6 महीने की सरिता को साथ लेकर घर के ही पास बने टांके में कूदकर अपनी व दोनों बेटियोंं की जीवन लीला समाप्त कर ली।

मृतका भंवरी देवी के परिवार को जब इसकी जानकारी मिली तो श्रीबालाजी थाना पुलिस को सूचित किया गया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और तहसीलदार व एसडीएम को घटना की जानकारी दी। पुलिस की सूचना पर तहसीलदार अणदाराम जांगीड़ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले में तहसीलदार जांगीड़ व मृतका के पीहर पक्ष की मौजूदगी में तीनों के शव बाहर निकाले गए। पुलिस ने श्रीबालाजी अस्पताल की मोर्चरी में मेडिकल बोर्ड से शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द किए। प्रारंभिक तौर पर पारिवारिक परेशानी के चलते विवाहिता द्वारा यह कदम उठाने की बात सामने आई है। मृतका के ससुर तेजाराम पुत्र चौखाराम की रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की है।

Exit mobile version