जोधपुर। राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान जोधपुर की ओर से फैशन बिजनेस में ट्रेंड्स और अवसर विषय पर शुक्रवार को एकदिवसीय नेशनल सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार के चीफ गेस्ट इंडियन टेरेन के एमडी चरथ नरसिम्हा ने उद्घाटन सत्र में कहा कि आज आर्टिफिसियल इंटेलिजेंस के दौर में फैशन बिजनेस के क्षेत्र में अपार संभावनाएं है लेकिन युवाओं को सजग रहने की जरूरत है क्योकि तकनीक लगातार बदल रही है ऐसे में अवसरों के साथ चुनौतियाँ भी फेस करने के लिए तैयार रहना चाहिए| इससे पहले संस्थान के निदेशक प्रो. जीएचएस प्रसाद ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया और कहा कि सोशल मीडिया के दौर में फैशन इंडस्ट्री की ग्रोथ साफ देखी जा सकती है, युवाओं को तकनीक के साथ सक्षम होकर फैशन के क्षेत्र में काम करने की जरूरत है| प्रसाद ने कहा कि फैशन उद्योग लगातार आगे बढ़ रहा है, ऐसे में युवाओं को फैशन बिजनेस के ट्रेंड्स और इस फील्ड में करियर अवसरों के बारे में जानकारी होनी चाहिए| सेमिनार के उद्घाटन सत्र में निफ्ट रिसर्च हेड डॉ सिबीचन मैथ्यू और एफएमएस विभाग के चेयरपर्सन प्रो. राजीव मलिक ने फैशन बिजनेस के क्षेत्र में संभावनाओं पर प्रकाश डाला।
इस दौरान एक्सपर्ट के रूप में ग्रासिम इंडस्ट्री के जांइट प्रेसिडेंट सुचारू उप्पल, आदित्य बिडला फैशन एवं रिटेल के क्रिएटिव डायरेक्टर संदीप सिन्हा, रिलायंस रिटेल की एवीपी अर्पणा किशोर, वी मार्ट रिटेल एवीपी रघुनंदन तिवारी, एडिडास के सेल्स डायरेक्टर राकेश रंजन, ताना बाना के फाउंडर अंशु गुप्ता ने विचार रखें।