तेलंगाना के सीएम ने कहा-देश को भाजपा से खतरा
विपक्षी दलों को एक साथ लाने में अहम भूमिका अदा कर सकते हैं नीतीश
विपक्षी दलें एक हो भाजपा मुक्त भारत का नारा दे

पटना (अनमोल कुमार )। तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने बुधवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद कहा कि नीतीश कुमार से 2024 लोकसभा चुनावों में विपक्ष को एकजुट करने के मुद्दे पर सहमति बनी है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार से 2024 लोकसभा चुनाव में विपक्ष की जीत और भाजपा को देश से विदा करने के लिए विपक्ष को एकजुट होकर चुनाव लड़ना होगा। केसीआर ने कहा कि नीतीश कुमार विपक्षी दलों को एक साथ लाने में अहम भूमिका अदा कर सकते हैं।

_भाजपा सरकार से हर आदमी परेशान
तेलंगाना के सीएम केसीआर ने कहा कि भाजपा सरकार से देश का हर आदमी परेशान है। लोगों के ऊपर सरकार अलग अलग टैक्स के नाम पर अत्याचार कर रही है। विकास के नाम पर सरकार केवल छलावा कर रही है।
किसी क्षेत्र में नहीं हुआ विकास
सीएम केसीआर ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश के किसी भी क्षेत्र का विकास भाजपा सरकार में नहीं हुआ है। डॉलर के मुकाबले में रुपया लगातार गिरा है। देश की आर्थिक स्थिति दिन प्रतिदिन खराब होती जा रही है।भाजपा पर निशाना साधते हुए केसीआर ने कांग्रेस की तरफ भी इशारा किया। उन्होंने कहा कि देश की राजधानी दिल्ली में पानी खरीदना पड़ता है। ऐसी हालत आज भी क्यों बनी हुई है। आजादी के 75 साल हो जाने के बावजूद इन समस्याओं को हल नहीं किया गया।
उन्होंने बातचीत के दौरान कहा कि देश का बुरा हाल हो रहा है। 13 महीने किसानों को क्यों धरना देना पड़ता है? चार लाख मेगा वाट की बिजली की उपलब्धि है देश में, फिर भी हमें बिजली के लिए तरसना पड़ता है। देश की अर्थव्यवस्था गिर गई है, कर्जा बढ़ गया है। उन्होंने कहा सरकार विपक्ष से कोई बात नहीं करती। लोगों को पीने का पानी तक उपलब्ध नहीं करा सकते। लोगों को बिजली 24 घंटे नहीं मिलती। उनकी कैपेसिटी क्या है, ये देश के सामने आ चुका है। केंद्र सरकार की नाकामी की वजह से देश का बहुत नुकसान हो रहा है।
धर्म के नाम पर देश को तोड़ा जा रहा
सीएम केसीआर ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि विकास का कोई नाम नहीं बस नारा है। सरकार ने कहा था-किसानों की लागत डबल होगा, क्या हुआ? बेटी पढ़ाओ बेटी बढ़ाओ का क्या हुआ? सबसे बड़ी बात धर्म के नाम पर देश को तोड़ रहे हैं। विदेशों में हमारे राजदूतों को बुलवाकर के माफ़ी मंगवाई जाती है। उन्होंने कहा कि देश का बहुत बुरा हाल है, किसी भी सेक्टर में कोई सुधार नहीं हुआ। सब विनाश हो रहा है। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ा खतरा धर्म के नाम पर देश को तोड़ रहे है। उन्होंने कहा इसलिए आज नीतीश जी से मिलने के बाद जितने भी विपक्षी दल हैं सबको एकजुट होकर भाजपा मुक्त भारत का नारा देना चाहिए। चंद्रशेखर राव ने आगे कहा कि इस देश को भाजपा से खतरा है, ये बात समझें। नीतीश कुमार देश की उत्तम प्रतिष्ठित नेता हैं। जब हम बैठेंगे समाधान निकालने का प्रयास करेंगे। जिस भी किसी को नेता चुनना चाहिए, हम आपको बताएंगे।
नीतीश का मोदी सरकार पर हमला, राव की तारीफ
वहीं एक कार्यक्रम के दौरान नीतीश कुमार ने केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। इस दौरान तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव भी मंच पर मौजूद थे। नीतीश कुमार ने कार्यक्रम के दौरान चंद्रशेखर राव और उनके कार्यों की जमकर तारीफ की और भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि आपने इतने बड़े-बड़े काम किये हैं पर कैसे कोई आपकी आलोचना कर सकता है, यह मेरी समझ से परे है। वहीं आंध प्रदेश से अलग तेलंगाना राज्य बनाए जाने के लिए किए गए राव के प्रयासों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि तेलंगाना के गठन के लिए राव तो 2001 से ही संघर्ष कर रहे थे। आज लोग कुछ भी बातें करते हैं, लेकिन आपने तेलंगाना को अलग राज्य का दर्जा दिलवाया है, ऐसे में वहां के लोग आपका साथ कैसे छोड़ेंगे।
गलवान के शहीदों व हैदराबाद में आगजनी में मृत बिहारियों के परिजनों को चेक
सीएम नीतीश कुमार के भाषण से पहले राव ने लद्दाख की गलवान घाटी में चीनी सैनिकों के साथ गतिरोध में शहीद हुए बिहार के पांच सैनिकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये और हैदराबाद में आग की घटना में मारे गए बिहार के 12 प्रवासी मजदूरों के परिवार के सदस्यों को 5-5 लाख रुपये के चेक प्रदान किए।