बीकानेर, (ओम दैया)। नोखा जेल से पांच कैदी फरार, तलाश जारी, बीकानेर की नोखा उप जेल से पांच कैदी मंगलवार-बुधवार की आधी रात को 2.30 बजे जेल की दीवार और खिड़की तोड़ कंबल से बनाई रस्सी के सहारे फरार हो गए हैं। कैदियों की धरपकड के लिये पूरे जिले में नाकाबंदी की गई है। फरार कैदियों में तीन हनुमानगढ़ के तथा एक नोखा व एक हरियाणा प्रदेश का निवासी है।
इनमें हनुमानगढ़ में पीलीबंगा के वार्ड नंबर 22 का निवासी बंदी सुरेश कुमार, नावा गांव का निवासी सलीम खान व खारिया गांव का निवासी मनदीप सिंह तथा नोखा के कुचौर आगुणी गांव का निवासी रतिराम व हरियाणा के सदलपुर का कैदी अनिल पंडित शामिल है।
कैदियों के फरार होने के दो घंटे बाद जेल स्टाफ को घटना की जानकारी मिली। फरार कैदियों के बारे में अब तक कोई जानकारी नहीं मिली है। पता चला है कि कैदियों ने जेल में पहले अपनी सेल की दीवार तोड़ी। उसके बाद वे एक खिड़की को तोड़कर बाहर आए।
कंबल की रस्सी बनाकर दीवार पार कर भाग निकले। जेल स्टाफ को वारदात की जानकारी बुधवार की सुबह 4.30 बजे पता चली। भोर में 5 बजे पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस जेल व शहर के मुख्य मार्गों पर घरों और कार्यालयों में लगे सीसीटीवी खंगाल रही है। एएसपी (ग्रामीण) सुनील कुमार के नेतृत्व में कैदियों की तलाश जारी है। डीवाईएसपी नोखा नेम सिंह, थानाधिकारी अरविन्द सिंह भी कैदियों की तलाश कर रहे हैं।