Site icon OmExpress

परिजनों के साथ पीबीएम पहुंचकर डॉ कल्ला ने लगवाया कोविड-19 वैक्सीन

बोले टीका पूरी तरह सुरक्षित, किसी तरह की भ्रांति ना रखें
कोरोना एडवाइजरी पालना की भी अपील की

बीकानेर, 14 मार्च। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डॉ बी डी कल्ला ने रविवार को पत्नी और अन्य परिवारजनों के साथ पीबीएम अस्पताल के जिरियाट्रिक सेंटर पहुंचकर कोविड-19 वैक्सीनेशन का पहला डोज लिया। इस अवसर पर उन्होंने कोविड-19 एडवाइजरी की पालना करते हुए अपना रजिस्ट्रेशन होने के पश्चात वैक्सीनेशन करवाया।
डॉ कल्ला के साथ उनके ससुर सूरज नारायण व्यास,पत्नी शिवकुमारी कल्ला , पुत्र अश्विनी कल्ला सहित परिवार और स्टाफ के सदस्यों ने भी वैक्सीनेशन करवाया।

डॉ कल्ला ने इस दौरान कहा कि कोविड-19 जैसी गंभीर बीमारी से लंबे समय तक जूझने के बाद वैज्ञानिकों की कड़ी मेहनत से टीके को इजाद किया गया है। उन्होंने कहा कि सभी व्यक्ति अपनी बारी आने पर टीका लगवाएं ।यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है। इसे लेकर कोई भी व्यक्ति किसी प्रकार की भ्रांति ना पाले और अपनी और अपनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति वैक्सीनेशन करवाते हुए अपनी जिम्मेदारी निभाएं। टीका लगवाने से घबराए नहीं , टीकाकरण से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ेगी और हम कोरोना से मुक्त हो सकेंगे।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने कोरोना संकट के दौरान संवेदनशीलता से हर व्यक्ति तक मदद पहुंचाने का प्रयास किया है। वैक्सीनेशन की दिशा में भी राज्य सरकार पूरी गंभीरता से प्रत्येक व्यक्ति को टीका लगे यह सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा कि इस कार्य में राज्य सरकार अपने प्रत्येक नागरिक से सहयोग की अपेक्षा करती है।
डॉ कल्ला ने कहा कि वैक्सीन को लेकर आमजन में जागरूकता आए, किसी प्रकार का डर ना रहे, यह संदेश देने के लिए उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र में टीका लगवाया है।

कोरोना एडवाइजरी की करें पालना

डॉ कल्ला ने कहा कि मास्क पहनें, 2 गज की दूरी बनाए रखें और सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ इकट्ठा करने से बचें। उन्होंने कहा कि अभी कोरोना संकट टला नहीं है हमें सावधानी रखने के साथ साथ कोरोना वैक्सीनेशन करवाना होगा। बाहर के कुछ देशों से नया स्टेन आया है, इस संदर्भ में राज्य सरकार ने सभी जिला अधिकारियों को पूरी गंभीरता बरतने के निर्देश दिए हैं।

संक्रामक रोगों के इलाज के लिए बनेगा विशेष अस्पताल
विधायक निधि से 1 करोड़ रुपए स्वीकृत

डॉ कल्ला ने कहा कि कोरोना जैसे गंभीर संक्रामक बीमारी के इलाज लिए बीकानेर जिला मुख्यालय पर अलग से अस्पताल निर्माण के लिए उन्होंने अपने विधायक निधि कोष से एक करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की है। अस्पताल निर्माण कार्य शीघ्र ही शुरू करवाया जाएगा। साथ ही इस अस्पताल के निर्माण के लिए अतिरिक्त राशि राज्य सरकार और सीएसआर से दिलवाई जाएगी।

डॉ. कल्ला ने सुने अभाव-अभियोग

बीकानेर, 15 मार्च। ऊर्जा, जन स्वास्थ्य एवं अभियान्त्रिकी मंत्री डॉ. बी. डी.कल्ला ने रविवार को अपने आवास पर जनसुनवाई की। आमजन ने पानी, बिजली, सड़क निर्माण आदि समस्याओं के निराकरण के लिए उन्हें परिवेदनाएं दी। इसके अतिरिक्त आमजन ने अपनी निजी समस्याओं के समाधान केेे लिए भी परिवेदना दी। डॉ कल्ला ने आमजन की समस्या को संयम से सुुुुनते हुए दूरभाष पर संबंधित अधिकारी को समस्या समाधान के निर्देश दिए।
इस दौरान नर्सिंग यूनियन ने ऊर्जा मंत्री का आभार भी व्यक्त किया। डाॅ. कल्ला ने उपस्थित लोगों से कोरोना एडवाइजरी की पालना करने तथा सोशल डिस्टेंसिंग रखने की अपील की ।

डॉ कल्ला ने किया हरिराम पार्क के विकास कार्यों का लोकार्पण
अधिक से अधिक पौधारोपण का लें संकल्प- डॉ कल्ला

बीकानेर, 14 मार्च। ऊर्जा एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डॉ. बी डी कल्ला ने रविवार को बंगला नगर स्थित हरिराम पार्क की चारदीवारी कार्य का लोकार्पण किया। इस अवसर पर डॉ कल्ला ने कहा कि हमें पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध रहना चाहिए तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प करना चाहिए। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत पेश किए गए राज्य के बजट में बीकानेर में सड़क तंत्र सुदृढ़ीकरण के लिए 50 करोड़ रुपए की स्वीकृत किए गए हैं।
जलदाय मंत्री ने कहा कि बंगला नगर, सर्वोदय बस्ती सहित सभी कॉलोनियों में आधारभूत सुविधाओं के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्हीने कहा कि करमीसर, भीनासर तथा मुरलीधर व्यास नगर में पानी की टँकीयों का निर्माण किया जा चुका है।पुराने शहर में पाइपलाइन मरम्मत का कार्य शीघ्र ही प्रारंभ किया जाएगा।

डॉ. कल्ला ने कहा कि जिले में ऑक्सिजन सुविधा युक्त बैड की संख्या को बढ़ा कर 800 कर दी गई है। क्षेत्र में जल तंत्र सुदृढ़ीकरण के लिए 600 करोड़ रुपये व्यय हो रहे हैं।
इस अवसर पर पूर्व पार्षद अरविंद मिड्ढा, शिव नारायण सोनी, लालचंद सोनी, भागीरथ सुथार, घनश्याम सुथार, मांगीलाल सुथार, रामचंद्र सोनी आदि मौजूद रहे।

Exit mobile version