Site icon OmExpress

पश्चिमी राजस्थान पर तूफान का साया

– लगातार दूसरी रात पाकिस्तान से आया रेतीला तूफान, जैसलमेर में फसलों को भारी नुकसान
– जैसलमेर में तूफान ने जिले के कई हिस्सों में जमकर तांडव मचाया
जोधपुर।पश्चिमी राजस्थान के लोगों को कल देर रात लगातार दूसरे दिन एक बार फिर तेज रेतीले तूफान का सामना करना पड़ा। हालांकि, इसकी रफ्तार एक दिन पहले आए तूफान की अपेक्षा कम थी। तेज आंधी के साथ धूल आसमान में चढ़ी हुई है। पाकिस्तान से उठे रेतीले तूफान ने सबसे अधिक जैसलमेर में नुकसान पहुंचाया है। बाड़मेर व जोधपुर पहुंचने तक इसकी रफ्तार कुछ कम हो गई।
जैसलमेर में तूफान ने जिले के कई हिस्सों में जमकर तांडव मचाया। 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से तनोट व रामगढ़ होते हुए तेज हवाएं जैसलमेर में रात करीब 11:15 बजे पहुंची। आंधी की रफ्तार देखते-देखते ही तेज हो गई। तूफान ने सबसे ज्यादा नुकसान किसानों को पहुंचाया। यहां खतों में रखी कटी हुई फसलें तेज हवाओं में उड़ गईं। रही सही कसर आंधी के बाद बरसात ने पूरी कर दी।

अब किसान सिर्फ सरकार से मुआवजे की उम्मीद लगाए बैठे हैं। इससे पहले रविवार रात में आए तूफान ने भर में भी कहर बरपाया था। आंधी की चपेट में आने किसानों की फसलें नष्ट हो गयीं थीं। जिले भर में करोड़ों रुपयों का नुकसान हुआ था। सोमवार को जिला प्रशासन ने पहले से ही चेतावनी भी जारी कर दी थी।
– सीमावर्ती तनोट में हुई बरसात
जैसलमेर के सीमावर्ती तनोट क्षेत्र में सोमवार रात तेज बारिश हुई। इसके साथ ही तनोट में ओले भी गिरे। इसी बीच सीमा चौकियों पर बीएसएफ के जवान बुलंद हौसले के साथ देश की सीमाओं की रक्षा के लिए मुस्तैद हैं।
– जोधपुर में छाई धूल की चादर
जोधपुर शहर में लगातार दूसरी रात तेज आंधी को जेलना पड़ा। आंधी के कारण घरों में हर तरफ धूल ही धूल नजर आ रही थी। आसमान में भी धूल चढ़ी हुई है। लगातार धूल छाए रहने से श्वास सम्बन्धी बीमारियों के पीड़ितों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

– इस कारण आई आंधी
अफगानिस्तान से शुरू हुए पश्चिमी विक्षोभ के चलते पाकिस्तान व जैसलमेर के बीच ऊपरी हवाओं में चक्रवात बन गया था। जो तेज हवाओं के साथ जोधपुर की तरफ चला। इसके साथ बादल भी छाए रहे। यहां पर्याप्त नमी नहीं मिलने से बारिश नहीं हुई और धूल भरी हवाएं चलने लगीं। जोधपुर में रात 2:30 बजे हवा की गति 35 किमी प्रतिघंटा थी, इसकी वजह से हवा के साथ धूल उड़ी व दृश्यता कम हो गई। मौसम विभाग का कहना है कि जोधपुर में मंगलवार को हल्के बादलों या कम गति से हवाएं चलने की संभावना रहेगी और बुधवार से मौसम सामान्य होने लगेगा।

Exit mobile version