Site icon OmExpress

पश्चिम बंगाल में हिंसक हुआ भाजपा का प्रदर्शन, पुलिस गाड़ी फूंकी

_आंसू गैस व लाठीचार्ज, नेता विपक्ष शुभेंदु, सांसद लॉकेट समेत कई हिरासत में
_ममता सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘नबन्ना अभियान’ के दौरान हुआ उपद्रव

कोलकाता ।पश्चिम बंगाल में भाजपा के ‘नबन्ना अभियान’ ने मंगलवार को हिंसक रूप ले लिया।कोलकाता के बड़ा बाजार में आज दोपहर एक पुलिस कार में आग लगा दी गई। मौके से मिले वीडियो में दिख रहा है कि लोग लाठी-डंडों के साथ इधर-उधर भाग रहे हैं और पथराव कर रहे हैं। ये वीडियो ऐसे समय में सामने आए हैं जब प. बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी को मार्च के दौरान संतरागाछी जाने की कोशिश करते समय हिरासत में ले लिया गया। इसके अलावा सांसद लॉकेट चटर्जी और पार्टी नेता राहुल सिन्हा को भी हिरासत में लिया गया। हालांकि देर शाम उन्हें छोड़ दिया गया।
पुलिस कार में आग लगने के बाद मौके पर दमकल की एक गाड़ी भेजी गई और आग पर काबू पा लिया गया है।घटनास्थल से सामने आए वीडियो से पता चलता है कि लगभग सभी दुकानें दिन के दौरान बंद थीं। इससे पहले दिन में भाजपा कार्यकर्ता सत्तारूढ़ टीएमसी के खिलाफ एक विरोध मार्च के दौरान राज्य पुलिस के साथ भिड़ गए थे।
सूबे में सत्तारूढ़ ममता सरकार के कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और पानी की बौछारों का भी सहारा लिया। पश्चिम बर्दवान जिले के पानागढ़ रेलवे स्टेशन से मार्च की ओर जा रहे चार भाजपा कार्यकर्ताओं को भी गिरफ्तार किया गया।
भाजपा सांसद लॉकेट चटर्जी और पार्टी नेता राहुल सिन्हा को सचिवालय के पास ‘सेकंड हुगली ब्रिज’ के पास पुलिस प्रशिक्षण स्कूल के सामने रोका गया। टीएमसी सरकार के कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘नबन्ना अभियान’ में हिस्सा लेने के लिए राज्य भर से भाजपा समर्थक मंगलवार सुबह से ही कोलकाता और हावड़ा पहुंचने लगे थे।

Exit mobile version