Site icon OmExpress

पाकिस्तान के पेशावर में फिदायीन आत्मघाती हमला

जुमे की नमाज के दौरान मस्जिद में ब्लास्ट; 45 की मौत, 65 से ज्यादा घायल; 10 की हालत गंभीर
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पेशावर में शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान हुए फिदायीन बम हमले में अब तक 45 नमाजियों की मौत हो गई। 65 से अधिक लोग घायल हैं, इनमें से 10 की हालत गंभीर बताई गई है। ये विस्फोट पेशावर के कोचा रिसालदार इलाके में किस्सा ख्वानी बाजार की एक शिया मस्जिद में हुआ। हमले के समय मस्जिद में करीब 150 लोग मौजूद थे।
पेशावर पुलिस के मुताबिक, शहर के किस्सा ख्वानी बाजार में दो हमलावरों ने मस्जिद में घुसने की कोशिश की और रोकने पर वहां खड़े पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी। इस दौरान एक पुलिसकर्मी और एक हमलावर की मौत हो गई। जबकि दूसरा पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद अकेला हमलावर मस्जिद में घुसा और खुद को उड़ा लिया।

10 घायलों की हालत गंभीर
रेस्क्यू टीम घायलों को यहां के लेडी रीडिंग अस्पताल ले जा रही है। स्थानीय लोगों ने भी घायलों को अपनी मोटरसाइकिल और कारों में लादकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस और सुरक्षा टीमों ने इलाके की घेराबंदी कर दी है। लेडी रीडिंग अस्पताल के प्रवक्ता का कहना है कि 10 घायलों की हालत बेहद गंभीर है।
काले कपड़े पहने हुआ था आत्मघाती
हमले के दौरान वहां मौजूद एक चश्मदीद ने पाकिस्तानी मीडिया को बताया कि एक हमलावर काले कपड़े था। वह मस्जिद के मेन हॉल में घुस गया और खुद उड़ा लिया। इसके बाद हर जगह लाशें और घायल लोग ही पड़े थे। हॉल नमाजियों से भरा हुआ था।
भीड़भाड़ वाले इलाके में मस्जिद होने की वजह से रेस्क्यू टीम को यहां पर पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस वजह से लोग घायल नमाजियों को मोटरसाइकिल से अस्पताल ले गए।
इमरान खान ने हमले की निंदा की
प्रधानमंत्री इमरान खान ने इस हमले की निंदा करते हुए घायलों को फौरन मेडिकल फेसेलिटीज मुहैया कराने की बात कही है। इमरान ने संबंधित अधिकारियों से घटना की रिपोर्ट भी मांगी है।

Exit mobile version