Site icon OmExpress

पिता को ‘लालू पाठशाला’ का बर्थडे गिफ्ट देंगे तेज प्रताप

पटना : रिपोर्ट – अनमोल कुमार ।बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और पूर्व मंत्री तेजप्रताप यादव अपने पिता के नाम पर लालू पाठशाला खोलने की तैयारी कर रहे हैं। तेज प्रताप यादव इसका शुभारंभ राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के जन्मदिन पर 11 जून को करेंगे। तेजप्रताप ने गुरुवार को ट्वीट कर खुद इसके बारे में जानकारी दी। तेजप्रताप ने कहा कि लालू प्रसाद के जन्मदिन पर अपने जनशक्ति परिषद के पांच संकल्पों में से एक संकल्प को पूरा करेंगे। शिक्षा को बढ़ावा देना भी उनके संगठन का एक संकल्प है। इसी सिलसिले में लालू पाठशाला का शुभारंभ करने जा रहे हैं जिससे सरकार शिक्षा में बाधा न बन पाए।

अभी तय नहीं, कहां खुलेगी पाठशाला
हालांकि, बिहार के स्वास्थ्य मंत्री रहे तेज प्रताप यादव ने यह नहीं साफ किया कि वे पाठशाला को कहां खोलेंगे। तेज प्रताप यादव ने इस पाठशाला के बारे में बताया कि यह जनशक्ति के पांच संकल्पों में एक संकल्प को सशक्त करेगा। यह पाठशाला कहां खुलेगी इसकी जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है और न ही बताया कि छात्र कैसे होंगे।
हसनपुर से राजद के विधायक तेज प्रताप यादव अपना कारोबार भी करते हैं। तेज प्रताप का एलआर ब्रांड अगरबत्ती देश-विदेश में सप्लाई की जाती है। इसके अलावा पिछले दिनों उन्होंने ग्रामीण परिवेश वाले लालू रसोई खोलने का भी ऐलान किया है।

Exit mobile version