CM गहलोत ने मीडिया के सवाल का नही दिया जवाब

जयपुर।राजस्थान के करौली जिले में पुजारी हत्याकांड मामले को लेकर राजनीति धीरे-धीरे तेज होती जा रही है. अब खबर है कि राजस्थान बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. सतीश पूनिया ने पार्टी की 3 सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया है. यह कमेटी आज सपोटरा के बूकना गांव में जाकर पुजारी हत्याकांड से जुड़े सभी साक्ष्यों को जुटाएगी.

इस कमेटी में जयपुर शहर सांसद रामचरण बोहरा, राष्ट्रीय मंत्री एवं पूर्व विधायक डाॅ. अलका सिंह गुर्जर और भाजयुमो के पूर्व प्रदेश महामंत्री जितेन्द्र मीणा शामिल हैं. यह कमेटी पुजारी बाबूलाल वैष्णव की मौत के मामले की तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार कर डाॅ. सतीश पूनिया को सौंपेगी. पुजारी बाबूलाल वैष्णव की जिंदा जलाने के मामले में भाजपा ने कानून- व्यवस्था के मामले में गहलोत सरकार पर निशाना साधा है. तो वहीं आज इस मुद्दे पर एक टीवी पत्रकार द्वारा राजस्थान मुख्यमंत्री से सवाल करने पर उन्होंने जवाब नही दिया और वहां से चले गए।

– राजस्थान पुजारी हत्या मामले में मंत्री मोहसिन रजा का हमला- अब क्यों खामोश हैं राहुल-प्रियंका?

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री मोहसिन रजा ने कांग्रेस पर हमला बोला है. उन्होंने कांग्रेस को घेरते हुए कहा है कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी राजनीति करने हाथरस आ गए थे. वे कांग्रेस की सरकार वाले राज्यों में साधु-संतों की हत्या पर खामोश क्यों हैं? राज्य मंत्री मोहसिन रजा ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी या कांग्रेस के अन्य नेता किसी साधु-संत की हत्या और उनके साथ हो रही लगातार क्रूर घटनाओं पर उनके घर नहीं जाते. किसी को खरोंच भी आ जाए और पता चल जाए कि वह अल्पसंख्यक समुदाय का व्यक्ति है तो पूरी कांग्रेस पार्टी ही उसके घर पहुंच जाती है.

योगी सरकार में मंत्री मोहसिन रजा ने कांग्रेस के साथ ही अन्य विपक्षी दलों पर भी हमला बोला. उन्होंने कहा कि सपा, बसपा और आम आदमी पार्टी को साधु-संतों के खिलाफ हो रहे अत्याचार दिखाई नहीं देते. इनके प्रति कोई संवेदना नहीं है और न ही इन पार्टियों की नजर में साधु-संतों का कोई महत्व है. यूपी सरकार के मंत्री ने कहा कि कांग्रेस को इसका जवाब देना होगा कि आखिर उसकी सरकार वाले राज्यों में साधु-संतों और पुजारियों के साथ इस तरह की घटनाएं क्यों हो रही हैं? रजा ने सवाल किया कि इस तरह की घटनाओं के पीछे कौन लोग हैं? और क्या इन लोगों को कांग्रेस का संरक्षण मिल रहा है?

– पुजारी हत्याकांड में कांग्रेस की मुश्किल बढ़ी, शव दाह संस्कार से इनकार, 50 लाख मुआवजा-नौकरी की मांग, बैठे धरने पर

राजस्थान के करौली जिले के सपोटरा में पुजारी को जिंदा जलाकर मार डालने का मामला गरमाता जा रहा है जिससे कांग्रेस की गहलोत सरकार की मुश्किल बढ़ती जा रही है. अब खबर है कि मृतक पुजारी के बूकना गांव में लोगों की भीड़ जुटने लगी है. ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को 50 लाख की आर्थिक सहायता, सरकारी नौकरी, सुरक्षा एवं आरोपियों की गिरफ्तार करने की मांग की है. साथ ही गांव वाले पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलने तक अंतिम संस्कार नहीं करने पर अड़े हुए हैं.

जानकारी के मुताबिक, राज्यसभा सांसद डॉ किरोड़ी लाल मीणा भी बूकना गांव पहुंच चुक हैं. उन्होंने पीड़ित परिवारजनों से मिल कर सांत्वना दी है. साथ ही उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ भी मुलाकात करेंगे. सांसद ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और न्याय दिलाने की मांग रखी है. साथ ही उन्होंने घटना की कड़े शब्दों की निंदा की है. वहीं, सांसद के अलावा गंगापुर के पूर्व विधायक मानसिंह मीणा भी डॉक्टर किरोड़ी मीणा के साथ बूकना पहुंचे हैं. उन्होंने पीड़ित परिवार के साथ मिलकर न्याय की मांग की है. वहीं, डॉक्टर किरोड़ी लाल मीणा ने कहा है कि राहुल गांधी को बूकना में आकर पीड़ित परिवार से मिलना चाहिए.

डॉक्टर किरोड़ी मीणा ने कहा है कि न्याय नहीं मिलने तक वे मौके पर डटे रहेंगे. जानकारी के मुताबिक उन्होंने धरना भी दिया. वे हर हाल में परिवार का साथ देंगे. उन्होंने खुद पीड़ित परिवार को एक लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी है. उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा सहायता नहीं मिलने तक वे मौके पर डटे रहेंगे. उन्होंने सरकार के साथ-साथ जिले के पुलिस-प्रशासन को भी कड़े शब्दों में चेतावनी दी है. मौके पर एसडीएम, तहसीलदार व पुलिस जाब्ता मौजूद था.