Site icon OmExpress

पूर्व पीएम राजीव गांधी के बुत को दस्तार से किया था साफ, कांग्रेसी नेता गुरसिमरन मंड के खिलाफ दस माह बाद केस दर्ज!


चंडीगढ़। विवादित बयान देकर सुर्खियों में रहने वाले लुधियाना के कांग्रेसी नेता गुरसिमरन सिंह मंड के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के बुत को दस्तार से साफ करने के मामले में करीब दस महीने बाद थाना सलेम टाबरी पुलिस ने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का मामला दर्ज किया है। दरअसल, सलेम टाबरी इलाके में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का पुतला पार्क में लगा था। इस पर अकाली दल के नेताओं ने कालिख लगा दी थी। उस समय काफी विवाद हुआ था। तब कांग्रेस नेता गुरसिमरन सिंह मंड ने इस बुत को अपनी दस्तार के साथ साफ कर दिया था। जुलाई 2021 में दो निहंग सिंहों ने पार्क में घुस पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के बुत पर तेल डाल कर आग लगा दी। उस समय भी गुरसिमरन सिंह मंड सबसे पहले वहां पहुंचे थे और उन्हें बुत साफ करने के लिए कोई कपड़ा नहीं मिला तो उन्होंने फिर बुत को दस्तार से साफ किया।
राजीव गांधी को गुरुओं के बराबर जगह देने पर मचा था बवाल!
जब उनसे सवाल पूछे गए थे तो उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को गुरुओं के बराबर जगह देने की बात की थी। इसके बाद विवाद काफी बढ़ गया था, लेकिन मंड ने यह कह दिया कि वह अपने बयान पर अटल हैं और आगे भी अगर जरूरत पड़ी तो वह ऐसा ही करते रहेंगे। मनमीत सिंह ने इसकी शिकायत पुलिस को दी थी। पुलिस ने मामले की जांच करने में दस महीने लगा दिए और आखिरकार शनिवार को गुरसिमरन सिंह मंड के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया। थाना सलेम टाबरी के एसएचओ इंस्पेक्टर गगनप्रीत सिंह ने बताया कि आरोपी गुरसिमरन सिंह मंड अभी फरार है। उसकी तलाश में छापामारी की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Exit mobile version