Site icon OmExpress

प्रख्यात सांसद एवं ट्रेड यूनियन नेता कामरेड गुरूदास दासगुप्ता का निधन, रोडवेज कर्मचारियों ने दी श्रद्धांजलि

हर्षित सैनी
रोहतक, 31 अक्टूबर। प्रख्यात सांसद एवं वरिष्ठ ट्रेड यूनियन नेता कामरेड गुरूदास दासगुप्ता के निधन पर वीरवार को रोडवेज कर्मचारी यूनियन नेताओं ने दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि दी।
एटक से संबंधित रोडवेज कर्मचारी यूनियन हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह धनखड़, चेयरमैन सुरेन्द्र मलिक, वरिष्ठ उपप्रधान ओमप्रकाश ग्रेवाल, उप महासचिव दीपक बल्हारा ने बताया कि वीरवार सुबह कोलकता में कामरेड गुरूदास दासगुप्ता का निधन हो गया।

स्व. दास गुप्ता ने हमेशा ही मजदूर, गरीब व शोषित वर्ग की ज्वलंत समस्याओं को बहुत जोरशोर से उठाया। उनका सम्पूर्ण जीवन मजदूर व गरीब वर्ग के लिए सर्मित रहा। उनमें जहां एक तरफ संसदीय गरिमा का पूर्ण सम्मान था तो दूसरी तरफ देश के करोड़ों मजदूरों, कर्मचारियों के नेतृत्व की पूर्ण क्षमता थी।
यूनियन नेताओं ने कहा कि स्व. गुरूदास दासगुप्ता के निधन से देश व प्रदेश की ट्रेड यूनियनों में गहरा शोक है और उनकी कमी भविष्य में खलती रहेगी। स्व. गुरूदास दासगुप्ता संसदीय गरिमा व ट्रेड यूनियन के शिखरतम पुरूष में रूप में सदैव अविस्मरणीय रहेंगे।
उन्होंने बताया कि स्व. गुरूदास दासगुप्ता लम्बे समय तक एटक के महासचिव व भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के सांसद भी रहे। साथ ही देश की तमाम ट्रेड यूनियनों को एक प्लेट फार्म पर लाने के लिए किए गए उनके प्रयास हमेशा याद रखे जाएंगे। उन्होंने देश की तमाम ट्रेड यूनियनों को एक मंच पर इकट्ठा किया और केन्द्र सरकार की निजीकरण व उदारीकरण नीतियों का मुंह तोड़ जबाव दिया। उनके निधन पर हरियाणा प्रदेश के तमाम मजदूरों व कर्मचारियों में गहरा शोक व्याप्त है।
श्रद्धांजलि देने वालो में रोडवेज कर्मचारी यूनियन के कार्यालय सचिव जोगेन्द्र बल्हारा, उपप्रधान युद्धवीर दांगी, चेयरमैन मनीष पोलंगी, उमेद घनघस, रामधारी गिल, जयप्रकाश, चरण सिंह, प्रदीप, इंटक से संदीप दलाल, सुमेश कुण्डु, सीटू से हिम्मत राणा, सतबीर मुढांल, संयुक्त कर्मचारी संघ से कृष्ण सुहाग, धर्म सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
———–

Exit mobile version