Site icon OmExpress

प्राइवेट स्कूल मान्यता की प्रक्रिया शुरू:राजस्थान में 26 जुलाई से 26 अगस्त तक कर सकते हैं आवेदन

–पुराने स्कूल को अपग्रेड करने का भी मौका, इस बार निदेशालय स्तर की टीम करेगी जांच –
बीकानेर।प्रदेश के 500 से अधिक प्राइवेट स्कूल की मान्यता पर सवालिया निशान लगाने के बाद शिक्षा विभाग ने वर्ष 2021-22 के सेशन के लिए नए सिरे से आवेदन आमंत्रित किए हैं। तय मापदंड पूरे करने वाले स्कूल ही ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। गत वर्ष की तरह इस बार भी मापदंडों पर खड़े उतरने वाले स्कूल को ही मान्यता मिल सकेगी। माध्यमिक शिक्षा निदेशक सौरभ स्वामी ने बताया कि कोई भी शिक्षण संस्था एलिमेंट्री, सेकेंडरी स्तर का नया स्कूल ओपन करने व पुराने स्कूल को अपग्रेड करने के लिए आवेदन कर सकता है। 26 जुलाई से ऑनलाइन आवेदन किया जा सकेगा। 26 अगस्त तक ये सिलसिला जारी रहेगा। इसके बाद ऑनलाइन लिंक बंद हो जाएगा। आवेदन के बाद अगर कोई संशोधन करना है, तो उसके लिए लॉक करने की तारीख से 5 दिन बाद तक का समय मिलेगा।

–पांच दिन में निरीक्षण दल

ऑनलाइन आवेदन के बाद फीस जमा कराने वाले स्कूल का निरीक्षण करने के लिए पांच दिन के भीतर एक दल बना दिया जाएगा। इस दल को भी समय दिया जाएगा, जिसके तहत वो अपनी रिपोर्ट पेश करेगा। जिला शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से आने वाले इस रिपोर्ट की निदेशालय स्तर पर जांच होगी।

– अब नहीं चलेगा घर में स्कूल

शिक्षा विभाग ने अब नियमों को सख्त करते हुए घर में स्कूल चलाने की व्यवस्था खत्म कर दी है। दरअसल, विभाग ने गत सत्र में आवेदन करने वाले सभी स्कूल के रिकार्ड निदेशालय में तलब कर लिए थे। जिन स्कूल के मानदंड पूरे नहीं थे, उनकी अनुशंसा करने वाले अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए थे। प्रदेशभर के 15 जिला शिक्षा अधिकारी इस मामले में फंसे हुए हैं। ऐसे में इस बार कोई अधिकारी फिर से गलती करने की हिम्मत नहीं करेगा

Exit mobile version