Site icon OmExpress

फरवरी प्यारा सा महीने में कौन से व्रत-त्योहार ओर गोचर

– पं. रविन्द्र शास्त्री लेख

साल 2021 का आगाज हो चुका है और प्रत्येक इंसान इस वर्ष को बीते साल से अच्छा और यादगार बनाने में जुटा हुआ है। साल 2020 बेशक से किसी भी इंसान के लिए यादगार नहीं रहा है। हालांकि इस 2021 की शुरुआत से ही लोगों के दिलों में सामान्य जीवन जीने की और अपने जीवन की परेशानियों को दूर करने की आस और कोशिश है। लोग धीरे-धीरे ही सही लेकिन कोरोना के चंगुल से निकलकर सामान्य जीवन जीते नजर आ रहे हैं।

इसी सकारात्मक विचार और सोच के साथ आगे बढ़ते हैं और जानते हैं कि, प्रेम का यह महीना फरवरी हम सभी के जीवन में क्या कुछ नया और खास लेकर आने वाला है। अपने इस फरवरी विशेष लेख में हम आपको बताएँगे कि, इस महीने कौन-कौन से व्रत त्यौहार और पूजन किस तारीख को हैं। साथ ही इस महीने होने वाले गोचर की जानकारी भी हम आपको यहां प्रदान करेंगे।
फरवरी के महीने में जन्मे लोगों की विशेषताएँ क्या क्या होती हैं। तो आइए आगे बढ़ते हैं और जानते हैं फरवरी महीने का विस्तृत लेखा-जोखा एक जगह। साथ ही जानिए इस महीने से जुड़ी कुछ महत्वपूर्ण भविष्यवाणियां जो आपका जीवन बदल सकती हैं।

फरवरी के महीने में जन्मे लोगों के बारे में कुछ खास बातें

फरवरी में जन्मे लोगों का व्यक्तित्व: फरवरी में जन्मे लोग आकर्षक व्यक्तित्व के धनी होते हैं और उनका यही आकर्षण उन्हें दूसरे लोगों से एकदम अलग बनाता है। इसके अलावा फरवरी में जन्मे लोगों की सबसे बड़ी खूबी होती है उनकी दो नेचुरल शक्तियां, एक उनका इनट्यूशन पावर और दूसरा उनकी ग्रास्पिंग पावर। यानी चीजों को समझने और ग्रहण करने की उनकी शक्ति। ।
फरवरी में जन्मे लोगों का रोमांस: जैसा कि, आप जानते हैं कि फरवरी का महीना प्यार का महीना का कहा जाता है ऐसे में स्वाभाविक है कि फरवरी में जन्मे लोग बेहद ही रोमांटिक किस्म के होते हैं। प्यार में इन्हें किसी भी तरह का छिछोरापन बिल्कुल भी पसंद नहीं होता है। हालाँकि कई मामलों में देखा गया है कि, फरवरी में जन्मे लोग प्यार के मामले में यह लोग दोस्ती और प्यार में अक्सर कंफ्यूज रहते हैं। हालांकि प्रेम में पड़ने के बाद यह बेहद ही वफादार और शानदार पार्टनर बनकर उभरते हैं।
फरवरी में जन्मे लोगों का करियर: फरवरी के महीने में जन्मे लोग अपने भाग्य की बजाय अपने कर्म से आगे बढ़ने में विश्वास रखते हैं। इसके अलावा इस महीने जन्मे लोग दूसरों की मदद करने के लिए हर समय तैयार और तत्पर रहते हैं। हालांकि करियर में सफलता इनको काफी इंतजार के बाद हासिल होती है। इस महीने में जन्मे लोग करियर के मामले में डॉक्टर, लेखक, शिक्षक, चित्रकार, कंप्यूटर विशेषज्ञ, अभिनेता या नेता बनते हैं।

फरवरी में जन्मे लोगों का आर्थिक पक्ष: फरवरी के महीने में जन्मे लोगों का आर्थिक पक्ष जीवन भर ठीक-ठाक ही रहता है क्योंकि, इन्हें अपने जीवन में प्रगति धीरे-धीरे मिलती है। ठीक उसी तरह आर्थिक पक्ष भी धीरे-धीरे सही होता है। इस महीने जन्मे लोग फ़िज़ूलखर्ची नहीं करते हैं और धन को संचय करने में ज्यादा विश्वास रखते हैं।
फरवरी में जन्मे लोगों का स्वास्थ्य: फरवरी में जन्मे लोग बुद्धिमान स्वभाव के और लंबी कद काठी के होते हैं। इसके अलावा अपने कौशल ज्ञान की वजह से अपनी बात लोगों के समक्ष बेहतर ढंग से पेश करने में भी कामयाब रहते हैं। कुल मिलाकर स्वास्थ्य के प्रति इस महीने में जन्मे लोग काफी सजग होते हैं।
फरवरी में जन्मे लोगों का समाज में मान सम्मान: फरवरी में जन्मे लोग अक्सर भाग्य के मामले में थोड़े पिछड़े होते हैं। हालांकि इनमें एक विशेष तरह का लुभावना अंदाज़ होता है जो लोगों को अपनी तरफ आकर्षित करता है। यह अपनी वाकपटुता से महफिल को जीत लेते हैं और इनकी यही खूबी इन्हें समाज में अच्छा नाम प्रसिद्धि कमाने में भी मदद करती है। शाहिद कपूर, धनुष, जैकी श्रॉफ़, अभिषेक बच्चन, अमृता सिंह यह कुछ नाम चीन सितारे फरवरी के महीने में ही जन्मे हैं।
फरवरी में जन्मे लोगों का लकी नंबर: 4, 7, 9
फरवरी में जन्मे लोगों का लकी रंग: सफेद, बेबी पिंक, मेहरून
फरवरी में जन्मे लोगों का लकी दिन: शनिवार, गुरुवार
फरवरी में जन्मे लोगों का लकी रत्न: एमेरल्ड (पन्ना), एमेथिस्ट (रॉक क्रिस्टल)
सुझाव: जितना मुमकिन हो पौधों और सूर्य देव को जल अर्पित करें।

फरवरी के महीने में आने वाले व्रत-त्यौहार की जानकारी

04 फरवरी 2021- गुरुवार

स्वामी विवेकानंद जयंती : ग्रेगोरियन कैलेंडर के अनुसार, स्वामी विवेकानंद का जन्म 12 जनवरी, 1863 को हुआ था, जबकि हिंदू कैलेंडर में उनके जन्म का उल्लेख है कि, उन्होंने सप्तमी के दिन कृष्ण पक्ष के दौरान जन्म लिया था जो वास्तविक रूप में पौष पूर्णिमा के एक सप्ताह बाद आता है।

कालाष्टमी: कालाष्टमी के दिन भगवान शिव के विग्रह रूप काल भैरव की पूजा का विधान बताया गया है। कालाष्टमी का व्रत प्रत्येक महीने के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि के दिन रखा जाता है। काल भैरव तंत्र-मंत्र के देवता माने गए हैं।

विश्व कैंसर दिवस : विश्व कैंसर दिवस प्रतिवर्ष 4 फरवरी को मनाया जाता है। ‘विश्व कैंसर दिवस’ एक वैश्विक कार्यक्रम है। यह कार्यक्रम विश्व के लोगों को कैंसर के खिलाफ लड़ाई लड़ने में एकजुट करने के लिए प्रतिवर्ष 4 फरवरी को मनाया जाता है।

07 फरवरी 2021- रविवार

षटतिला एकादशी : षटतिला एकादशी माघ मास के कृष्ण पक्ष की एकादशी को पड़ती है। षटतिला एकादशी के दिन के बारे में ऐसी मान्यता है कि, इस दिन तिल का प्रयोग छह अलग-अलग प्रकार से करने से इंसान के जीवन के सभी पापों का नाश होता है और उसे बैकुंठ धाम की प्राप्ति होती है।

08 फरवरी 2021- सोमवार

वैष्णव षटतिला एकादशी

09 फरवरी 2021- मंगलवार

प्रदोष व्रत : प्रदोष व्रत का सीधा संबंध भगवान शिव और माता पार्वती से जोड़कर देखा जाता है। शुक्ल पक्ष और कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी के दिन प्रदोष व्रत मनाया जाता है।

मेरु त्रयोदशी : जैन धर्म में मेरु त्रयोदशी बेहद ही खास महत्व रखता है। मेरु त्रयोदशी का यह पर्व हर साल माघ महीने में मनाया जाता है। इस दिन जैन धर्म के पहले तीर्थंकर ऋषभदेव की पूजा का विधान बताया गया है।
10 फरवरी 2021- बुधवार

मासिक शिवरात्रि : हर मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी को मासिक शिवरात्रि मनाई जाती है। एक माह में एक ही शिवरात्रि होती है।
11 फरवरी 2021- गुरुवार

माघ अमावस्या / दर्श अमावस्या / थाई अमावस / मौनी अमावस : हिंदू पंचांग के अनुसार माघ माह के कृष्ण पक्ष में आने वाली अमावस्या को माघ अमावस्या कहा जाता है। माघ अमावस्या को मौनी अमावस्या भी कहते हैं।

12 फरवरी 2021- शुक्रवार

माघ नवरात्रि : इन गुप्त नवरात्रि (माघ नवरात्रि) के दौरान दस महाविद्याओं की साधना की जाती है। गुप्त नवरात्रि के दौरान मां काली, तारा देवी, त्रिपुर सुंदरी, भुवनेश्वरी, माता छिन्नमस्ता, त्रिपुर भैरवी, मां धूमावती, मां बगलामुखी, मातंगी और कमला देवी की पूजा की जाती है।

कुम्भ संक्रांति

13 फरवरी 2021- शनिवार

चन्द्र दर्शन : हिन्दू धर्म में चंद्र दर्शन काफी महत्व रखता है। ऐसा इसलिए माना गया है क्योंकि चद्रंमा को देवता समान माना गया है। चंद्र दर्शन का मतलब होता है चंद्रमा का दर्शन करना। ऐसे में चन्द्र दर्शन का यह ख़ास दिन भारत में बहुत श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाता है।

15 फरवरी 2021- सोमवार

विनायक चतुर्थी : साल के प्रत्येक महीने में गणेश भगवान की पूजा अर्चना के लिए एक दिन निर्धारित किया गया है जिसे गणेश चतुर्थी के नाम से जाना जाता है। मान्यता है कि इस दिन जो कोई भी इंसान भगवान गणेश का पूरे विधि-विधान से पूजा करता है उसके जीवन में आने वाली सभी समस्याओं का निवारण हो जाता है।

गणेश जयंती : हिंदू कैलेंडर के अनुसार माघ मास की शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि को गणेश जयंती का त्योहार मनाया जाता है। इस महीने गणेश जयंती का पर्व 15 फरवरी-सोमवार को मनाया जाएगा। गणेश जयंती का यह पर्व आमतौर पर महाराष्ट्र में बेहद ही धूमधाम से मनाया जाता है।

16 फरवरी 2021- मंगलवार

बसंत पंचमी : बसंत पंचमी का त्योहार माघ महीने के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को प्रतिवर्ष मनाया जाता है। मान्यता है कि, इसी दिन से भारत में वसंत ऋतु की शुरुआत हो जाती है। वसंत पंचमी के दिन मां सरस्वती की पूजा का विधान बताया गया है।

17 फरवरी 2021- बुधवार

स्कन्द षष्ठी : स्कंद षष्‍ठी का हिंदू धर्म में विशेष महत्व है। इस दिन भगवान शिव और मां पार्वती के ज्येष्ठ पुत्र भगवान कार्तिकेय का पूजन किया जाता है।

19 फरवरी 2021- शुक्रवार

रथ सप्तमी : सप्तमी तिथि भगवान सूर्य को समर्पित होती है। माघ महीने के शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि को रथसप्तमी या फिर माघ सप्तमी के रूप में जाना जाता है। मान्यता है कि, यह वही दिन है जिस दिन सूर्य के सातों घोड़ों उनके रथ को वाहन करना शुरू करते हैं।

नर्मदा जयंती : नर्मदा जयंती के बारे में ऐसी मान्यता है कि, प्रत्येक साल माघ महीने के शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि को नर्मदा जयंती का पर्व मनाया जाता है। इसी दिन रथ सप्तमी का भी पर्व मनाया जाता है।

भीम अष्टमी : भीम अष्टमी या जिसे भी भीमाष्टमी में कहते हैं, माघ शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि को पड़ती है।
वर्ष 2021 में भी भीम अष्टमी 19 फरवरी-शुक्रवार के दिन मनाई जाएगी। शास्त्रों के अनुसार यह वही दिन है जिस दिन महाभारत के प्रमुख पात्र भीष्म पितामह जी ने अपनी इच्छा से अपने शरीर का त्याग किया था।

मासिक कार्तिगायी

20 फरवरी 2021-शनिवार

मासिक दुर्गाष्टमी : हर महीने शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि के दौरान दुर्गा अष्टमी का उपवास किया जाता है। इस दिन श्रद्धालु दुर्गा माता की पूजा करते हैं और उनके लिए पूरे दिन का व्रत करते हैं।

रोहिणी व्रत : रोहिणी व्रत सुहागिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र की कामना के लिए रखती हैं। इस दिन का व्रत घर और जीवन में सुख शांति की कामना के लिए भी रखा जाता है।

23 फरवरी 2021- मंगलवार

जया एकादशी : हिंदू धार्मिक मान्यताओं के अनुसार माघ महीने को बेहद ही पवित्र और पुण्यदायी माना गया है। इसी माघ महीने की शुक्ल पक्ष एकादशी को जया एकादशी के नाम से जाना जाता है। जया एकादशी के बारे में ऐसी मान्यता है कि, जो कोई भी इंसान इस एकादशी व्रत को रखता है उसके जीवन से दुख, दरिद्रता और कष्ट मुक्ति अवश्य होती है।

24 फरवरी 2021- बुधवार

भीम द्वादशी : माघ मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी के दूसरे दिन गोविंद द्वादशी का व्रत किया जाता है। गोविंद द्वादशी को कई जगह भीम द्वादशी या तिल द्वादशी के नाम से भी जाना जाता है। इस व्रत के बारे में ऐसी मान्यता है कि, जो कोई भी इंसान सच्ची आस्था और श्रद्धा के साथ इस व्रत को करता है उसके जीवन से हर तरह की बीमारियों का नाश होता है और उस इंसान को योग्य संतान की प्राप्ति होती है।
प्रदोष व्रत

27 फरवरी 2021- शनिवार

माघ पूर्णिमा / माघ पूर्णिमा व्रत : हिंदू पंचांग के अनुसार माघ माह में पड़ने वाली पूर्णिमा तिथि को माघ पूर्णिमा कहा जाता है और इस माघ पूर्णिमा का हिंदू धर्म में धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से विशेष महत्व बताया गया है। माघ पूर्णिमा के दिन स्नान, दान और जप-तप को बेहद ही पुण्य फलदाई बताया गया है।

गुरु रविदास जयंती : हिंदू कैलेंडर के अनुसार माघ महीने की पूर्णिमा के दिन संत रविदास जयंती मनाई जाती है। इस वर्ष गुरु रविदास जयंती 27 फरवरी-शुक्रवार के दिन मनाई जाएगी। संत रविदास जी का जन्म वाराणसी के नज़दीक एक गांव में हुआ था।

ललिता जयंती : माघ मास के शुक्ल पक्ष को ललिता जयंती का पर्व मनाया जाता है। ललिता जयंती के दिन माँ ललिता की पूजा का विधान बताया गया है। मान्यता है कि, जो कोई भी व्यक्ति इस दिन सच्ची श्रद्धा और भक्ति के साथ मां ललिता की पूजा करता है उसे अपने जीवन में सभी सुखों की प्राप्ति होती है और मृत्यु के बाद उसे मोक्ष मिलता है।
मासी मागम ,अट्टुकल पोंगल

28 फरवरी 2021- रविवार

फाल्गुन प्रारंभ

फरवरी में कौन से गोचर कब?

सूर्य का गोचर, शुक्र का गोचर और मंगल का गोचर।

तो सबसे पहले इस महीने का पहला पांच ग्रही योगा होगा
09 फरवरी से 11 फरवरी में बनने जरहा है जिसमे
*सुर्य ,चन्द्र, बुध, गुरु, शुक्र, शनि* मकर राशि में पांच ग्रहों का समाबेस होगा जो सभी के जीवन में कुछ महतत्वपूर्ण प्रभाव करेगा

12 फरवरी को जब सूर्य देव का कुम्भ राशि में गोचर होगा: सूर्य देव 12 फरवरी 2021, शुक्रवार को रात 9 बज-कर 03 मिनट पर, मकर राशि से निकलकर अपने पुत्र शनि की दूसरी राशि कुंभ में प्रवेश करेंगे।
इसके अलावा इस महीने के दूसरे गोचर के बारे में बात करें तो, यह गोचर होगा 21 फरवरी को, जिसमें शुक्र का कुम्भ राशि में गोचर होगा: शुक्र ग्रह अपना स्थान परिवर्तन करते हुए 21 फरवरी 2021, रविवार की सुबह 02:12 बजे मकर राशि से निकलकर, अपने मित्र शनि के स्वामित्व वाली कुम्भ राशि में गोचर करेंगे।
इस महीने का आखिरी और तीसरा गोचर होगा
22 फरवरी 2021 को, जिसमें मंगल का वृषभ राशि में गोचर होगा: इस गोचर के दौरान मंगल ग्रह 22 फरवरी 2021, सोमवार की सुबह 5 बज-कर 02 मिनट पर, मेष राशि से निकलकर वृषभ राशि में प्रवेश करेगा।

*इस महीने की कुछ महत्वपूर्ण भविष्यवाणियां*
मेष
मेष राशि के जातकों के लिए फरवरी का महीना बेहद शानदार रहने वाला है। इस दौरान आपके अंदर जोश और जुनून की कोई कमी नहीं होगी। इस महीने आप अपना हर काम पूरी शिद्दत और लगन के साथ शुरू और पूरा करेंगे
वृषभ
वृषभ राशि के जातकों को इस महीने उनके साहस और पराक्रम में वृद्धि देखने को मिलेगी। आप अपनी चुनौतियों से लड़कर आगे बढ़ेंगे। साथ ही आप अपना घर बनाने के विषय में कोई बड़ा निर्णय इस महीना ले सकते हैं।

मिथुन
मिथुन राशि के जातकों को इस महीने उनके भाग्य का भरपूर साथ मिलने वाला है। जिससे आप अपने कार्य क्षेत्र में सफलता हासिल करेंगे। हालांकि इस महीने आप को सावधान रहने की भी उतनी ही आवश्यकता पड़ेगी क्योंकि, इस दौरान आपको अच्छे और बुरे दोनों ही तरह के परिणाम प्राप्त होने वाले हैं।

कर्क
कर्क राशि के जातकों के लिए ढेरों अवसर लेकर आ रहा है। कई सारा काम एक साथ करने की वजह से आपके ऊपर प्रेशर हावी रह सकता है। साथ ही सलाह दी जाती है कि, यदि आप विदेश जाने का विचार कर रहे हैं तो इस महीना उसे टाल दें क्योंकि, इस दौरान ग्रहों की स्थिति आपके लिए अनुकूल संकेत नहीं दे रही है।

सिंह
सिंह राशि के जातकों के लिए तो फरवरी का महीना आपके लिए थोड़ा चुनौती-पूर्ण रहने वाला है। विशेष तौर पर आर्थिक पक्ष और स्वास्थ्य के मोर्चे के लिहाज से। हालाँकि आपको निराश होने की जरूरत नहीं है। आप अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और नेतृत्व की क्षमता और मेहनत के बल पर अपनी सभी चुनौतियों से जीतने में कामयाब रहेंगे।

कन्या
कन्या राशि के जातकों के लिए बेहद ही शुभ परिणाम लेकर आने वाला है। ऐसा इसलिए क्योंकि इस दौरान कन्या राशि की सिंगल जातक किसी खास व्यक्ति से मिल सकते हैं। हालांकि अगर आप विदेश जाने का ख़्वाब देख रहे हैं तो आपको अभी थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा। स्वास्थ्य के प्रति इस महीना आपको बेहद ही है सावधान रहने की सलाह दी जाती है।

तुला
तुला राशि के जातकों को फरवरी के महीने में मिश्रित परिणाम हासिल होंगे। इस दौरान आपको कठिन परिश्रम करना पड़ेगा। हालांकि इस महीने आप लोगों के बीच अपनी अलग पहचान बनाने में भी कामयाब रहने वाले हैं। दोस्तों और प्रिय जनों का आपको खूब सहयोग प्राप्त होगा। जिसकी मदद से आपको अपने हर काम में सफलता हासिल होगी।

वृश्चिक
वृश्चिक राशि के जातकों के लिए फरवरी का यह महीना मिश्रित परिणाम ही लेकर आएगा। इस महीने आपको ढेरों यात्राएं करनी पड़ सकती हैं। ऐसे में आप अपने परिवार को ज्यादा वक्त नहीं दे पाएंगे। हालांकि कुल मिलाकर बात करें तो इस महीने आप अपने जीवन में सुख का अनुभव करने में कामयाब रहने वाले हैं।

धनु
धनु राशि के जातकों के बारे में बात करें तो फरवरी के महीने में आपको हर क्षेत्र में परिणाम हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ेगी। साथ ही स्वास्थ्य के प्रति भी आपको ज्यादा सजग रहने की सलाह दी जाती है। नौकरी की तलाश में हैं तो, आपको कई जगह से इंटरव्यू की कॉल आ सकती है। कुल मिलाकर कड़ी मेहनत और इच्छाशक्ति के दम पर आप अपना यह महीना अच्छा बना सकते हैं।
मकर
मकर राशि के जातकों के लिए फरवरी का महीना काफी चुनौती-पूर्ण रहने वाला है। इस महीने तनाव लेने से बेहतर होगा आप अपने काम पर ज्यादा ध्यान दें और काम की प्राथमिकता के तर्ज पर ही काम का बीड़ा उठाएं और उसे पूरा करें। इस राशि के जो जातक विदेश रह रहे हैं उन्हें इस महीने स्वदेश लौटने का मौका प्राप्त हो सकता है।

कुम्भ
कुंभ राशि के जातकों को फरवरी के महीने में बेहद ही सोच समझकर कोई भी कदम उठाने की आवश्यकता होगी। इस दौरान आपके ख़र्चों में भी वृद्धि होने की आशंका है। ऐसे में अपने धन का आपको विशेष नियोजन करने की सलाह दी जाती है। इसके अलावा आपको अपने स्वास्थ्य के प्रति भी सावधान रहने की सलाह दी जा रही है। हालांकि इस राशि के जातक अपनी नौकरी बदलने का विचार कर रहे हैं उन्हें इसमें सफलता हासिल हो सकती है।

मीन
मीन राशि के जातकों के लिए फरवरी का यह महीना काफी शुभ साबित होगा। इस महीने आपको आर्थिक उन्नति की प्रबल संभावनाएं हैं। इसके अलावा अगर आपका कोई काम काफी समय से अटका हुआ था तो इस महीने वह पूरा भी हो सकता है। हालांकि इस महीने आपको काफी यात्राएं करनी पड़ सकती है। निश्चिंत रहें इन यात्राओं से आपको लाभ ही मिलेगा। हालाँकि मीन राशि के विद्यार्थी जातकों को अपनी पढ़ाई को लेकर के एकाग्र होने की बेहद आवश्यकता पड़ेगी। अन्यथा इस महीने आपका पढ़ाई से ध्यान भटक सकता है।

Exit mobile version