Site icon OmExpress

फाइनल रिहर्सल के बाद चुनाव सामग्री लेकर मतदान करवाने बूथों के लिए पहुंची हुई पोलिंग पार्टियां

-4448 कर्मचारी कल करवाएंगे मतदान
हर्षित सैनी
रोहतक, 20 अक्तूबर। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आर एस वर्मा ने बताया कि विधानसभा चुनाव-2019 के लिए कल 21 अक्तूबर को होने वाले मतदान के लिए आज जिला के रिर्टर्निंग अधिकारियों ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों की पोलिंग पार्टियों की फाइनल रिहर्सल करवाई।
उन्होंने बताया कि मास्टर ट्रेनर्स ने पोलिंग पार्टियों को ईवीएम की हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग भी दी। तत्पश्चात ईवीएम-वीवीपैट मशीनें व अन्य चुनाव सामग्री की किट लेकर पोलिंग पार्टियां अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुईं। जिला में 4448 कर्मचारी आज मतदान करवाएंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार पोलिंग पार्टियों की सीआर पॉलिटेक्रिक की वर्कशॉप में फाईनल रिहर्सल करवाई गई। उन्होंने कहा कि चुनाव को पारदर्शिता व शांति के साथ संपन्न करवाने के लिए पोलिंग स्टाफ को पोलिंग बूथों तक पहुंचाने के लिए 190 गाडिय़ों की व्यवस्था की गई है। जिला में कुल 810 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
विधानसभा क्षेत्र 60-महम में 217, विधानसभा क्षेत्र 61-गढ़ी-सांपला-किलोई में 225, विधानसभा क्षेत्र 62-रोहतक में 166 तथा विधानसभा क्षेत्र 63-कलानौर में 202 मतदान केंद्र बनाए गए है। मतदान केंद्रों की निगरानी के लिए 25 फ्लाईंग स्कवाइड, 24 स्टेटिक व 4 वीडियो टीमें लगाई गई है।
उन्होंने चारों विस क्षेत्र की पोलिंग पार्टियों के पीओ, एपीओ व पोलिंग स्टाफ को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने मतदान केंद्र पर जाकर निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से मतदान करवाएं। उन्होंने कहा कि हमारे लिए सभी प्रत्याशी एक समान हैं और हमें न तो किसी का पक्ष लेना है और न ही किसी से भेदभाव करना है।

उन्होंने कहा कि यहां से ईवीएम मशीनें व चुनाव सामग्री लेकर सभी पोलिंग पार्टियों को सीधे अपने-अपने मतदान केंद्रों पर जाना है और रात को मतदान केंद्र पर ही सोना है। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारी ईमानदारी, निष्पक्षता, पारदर्शिता व तत्परता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
वर्मा ने बताया कि सभी पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्र पर जाकर वहां की स्थिति का निरीक्षण कर लें और आपसी समन्वय के साथ मतदान प्रक्रिया की रुपरेखा तैयार कर लें। शाम को ही सभी प्रत्याशियों के पोलिंग एजेंट्स से मिलकर उन्हें बता दें कि 21 अक्तूबर को सुबह 6 बजे मोक पोल करवाया जाएगा, जिसमें पोलिंग एजेंट भी शामिल हों। मोक पोल के उपरांत सुबह ठीक 7 बजे मतदान शुरू करवाया जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार मतदान प्रक्रिया शाम 6 बजे तक चलेगी। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों के बाहर महिलाओं व पुरुषों की अलग-अलग लाइनें लगवाएं और एक पुरुष के पश्चात दो महिलाओं को वोट डालने के लिए भेजा जाए। मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के बाद सभी पोलिंग पार्टियां निर्धारित बसों में ही बैठकर वापस उसी स्थान पर पहुंचेंगी जहां से उन्हें सामान दिया गया है। यहां ईवीएम मशीनें व अन्य चुनाव सामग्री जमा की जाएगी।

उन्होंने बताया कि पोलिंग पार्टियों की सहायता के लिए सेक्टर ऑफिसर नियुक्त किए गए हैं। यदि किसी मतदान केंद्र पर ईवीएम मशीन, वीवीपैट मशीन में खराबी आती है तो उसे सेक्टर ऑफिसर द्वारा बदला जाएगा। यदि वीवीपैट में खराबी आती है तो केवल वीवीपैट को बदला जाएगा लेकिन यदि ईवीएम मशीन में खराबी आती है तो ईवीएम व वीवीपैट, दोनों को बदला जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी सेक्टर ऑफिसर्स प्रत्येक 2 घंटे बाद मतदान प्रतिशत की रिपोर्ट देंगे। चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए माइक्रो ऑब्जर्वर भी लगाए गए हैं।

Exit mobile version